प्रधानमंत्री मोदी का असम दौरा: खराब मौसम से बदला कार्यक्रम, 47,600 करोड़ की सौगातें अब वर्चुअली

Update: 2026-03-13 09:36 GMT

गुवाहाटी/कोकराझार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अपने दो दिवसीय प्रवास पर असम की राजधानी गुवाहाटी पहुंच गए। हालांकि, उत्तर-पूर्व में अचानक बिगड़े मौसम के कारण उनके निर्धारित कार्यक्रमों में फेरबदल करना पड़ा है। कोकराझार में होने वाली बड़ी जनसभा और जमीनी कार्यक्रमों को खराब विजिबिलिटी के चलते रद्द कर दिया गया है, जिसे अब प्रधानमंत्री वर्चुअली संबोधित करेंगे।

विकास की 'असम माला 3.0' और नई ट्रेनों की सौगात

विधानसभा चुनावों से ठीक पहले प्रधानमंत्री की पिछले चार महीनों में यह चौथी असम यात्रा है। कोकराझार का दौरा रद्द होने के बावजूद पीएम 'असम माला 3.0' योजना का शुभारंभ वर्चुअली करेंगे।

सड़क नेटवर्क: इसके तहत 900 किलोमीटर से अधिक लंबी सड़कों का निर्माण होगा।

रेलवे: कामाख्या-चारलापल्ली अमृत भारत, गुवाहाटी-न्यू जलपाईगुड़ी और नारंगी-अगरतला जैसी 3 नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई जाएगी। साथ ही बाशबारी में रेलवे वर्कशॉप की नींव रखी जाएगी।

बोडोलैंड विकास: क्षेत्र में चार फ्लाईओवर और दो पुलों की आधारशिला भी रखी जाएगी।

किसानों और श्रमिकों के लिए बड़ा दिन

प्रधानमंत्री यहीं से देश के 9.3 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में पीएम-किसान योजना की 22वीं किस्त डिजिटल माध्यम से हस्तांतरित करेंगे। इसके अतिरिक्त, गुवाहाटी में चाय बागान श्रमिकों के लिए ऐतिहासिक कदम उठाते हुए उन्हें जमीन के पट्टे सौंपे जाएंगे।

ऊर्जा और बुनियादी ढांचा: शनिवार का एजेंडा

प्रधानमंत्री शनिवार को भी व्यस्त रहेंगे। उनके आगामी कार्यक्रमों में शामिल हैं:

ऊर्जा: कोपिली जलविद्युत परियोजना और उत्तर पूर्व गैस ग्रिड (प्रथम चरण) का उद्घाटन।

पर्यटन: कामाख्या मंदिर के लिए बहुप्रतीक्षित रोपवे परियोजना की आधारशिला।

सिलचर दौरा: दौरे के दूसरे चरण में वे सिलचर पहुंचेंगे, जहां 23,550 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया जाएगा।

Similar News