दिल्ली की प्रति व्यक्ति आय ₹5.31 लाख के पार: राष्ट्रीय औसत से 2.5 गुना अधिक हुई वृद्धि
नई दिल्ली |राजधानी दिल्ली की अर्थव्यवस्था को लेकर जारी आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 में बड़ा संकेत मिला है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की ओर से विधानसभा में पेश रिपोर्ट के अनुसार, चालू कीमतों पर दिल्ली की प्रति व्यक्ति आय 2025-26 में बढ़कर 5,31,610 रुपये होने का अनुमान है। यह 2024-25 के मुकाबले 7.92 फीसदी की वृद्धि दर्शाता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि दिल्ली की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से करीब 2.5 गुना अधिक रहने की संभावना है, जो राजधानी की मजबूत आर्थिक स्थिति को दर्शाता है।
जीएसडीपी को लेकर क्या अनुमान?
वहीं, 2025-26 में दिल्ली का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) 13,27,055 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है, जो पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले 9.42 फीसदी की बढ़त को दिखाता है।
राजकोषीय स्थिति पर नजर डालें तो बजट अनुमान (BE) 2025-26 में 9,661.31 करोड़ रुपये का राजस्व अधिशेष रहने की उम्मीद है, जो GSDP का 0.73 फीसदी है।
टैक्स कलेक्शन में भी मजबूती देखने को मिल रही है। सरकार ने 2025-26 के लिए कर संग्रह में 15.54 फीसदी वृद्धि का लक्ष्य रखा है।
एक लाख करोड़ रुपये का कुल बजट
दिल्ली सरकार का 2025-26 का कुल बजट एक लाख करोड़ रुपये का है। इसमें से 59,300 करोड़ रुपये विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों और परियोजनाओं पर खर्च किए जाएंगे, जो 2024-25 के 39,000 करोड़ रुपये के मुकाबले 20,300 करोड़ रुपये अधिक है।
