ममता के साथ खड़े केजरीवाल, EC को बताया भाजपा का हथियार
नई दिल्ली |आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर से भाजपा और चुनाव आयोग को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि हम पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ हैं। भाजपा चुनाव जीतने के लिए चुनाव आयोग को हथियार की तरह इस्तेमाल कर रही है।
केजरीवाल ने क्या-क्या कहा?
केजरीवाल ने कहा कि बंगाल में जो हो रहा है, वही चार साल पहले दिल्ली के चुनाव में उनके साथ हुआ था। केजरीवाल ने एक्स पोस्ट में लिखा, "बीजेपी ने चुनाव आयोग को अपना हथियार बना लिया है। धोखे से चुनाव जीतने के लिए। दिल्ली में वोटर लिस्ट से नाम कटवाए गए, पुलिस ने बीजेपी की गुंडागर्दी को खुली छूट दी और सारा प्रशासन बीजेपी की जीत के लिए लगा रहा। लोकतंत्र की जड़ें हिला दी गईं। आज ममता दीदी लोकतंत्र बचाने की लड़ाई लड़ रही हैं। हम उनके साथ खड़े हैं।"
चुनाव आयोग पर गुस्सा हैं सीएम ममता
बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले ममता 'दीदी' चुनाव आयोग पर बहुत गुस्सा हैं। चुनाव के तारीखों का ऐलान होते ही राज्य में 50 से ज्यादा बड़े अफसरों को हटा दिया गया या तबादला कर दिया गया। इसमें मुख्य सचिव, गृह सचिव, पुलिस महानिदेशक और कोलकाता पुलिस कमिश्नर जैसे बड़े नाम शामिल हैं। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया है कि संस्थाओं को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। यह संविधान पर हमला है।
बंगाल में दो चरणों में चुनाव
बता दें कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर और दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर वोटिंग होगी। वोटों की गिनती 4 मई को होगी। 2021 में चुनाव आठ चरणों में हुए थे, लेकिन इस बार सिर्फ दो चरण हैं। ममता बनर्जी चौथी बार मुख्यमंत्री बनने की कोशिश कर रही हैं। उनकी तृणमूल कांग्रेस राज्य में मजबूत है, लेकिन बीजेपी भी जोर लगा रही है। बीजेपी चाहती है कि बंगाल में बड़ा बदलाव हो। अब देखना यह होगा कि केजरीवाल के समर्थन से 'दीदी'भाजपा और चुनाव आयोग पर कैसे प्रहार करती हैं।