भारत-भूटान रिश्तों में मजबूती, अयोध्या से मिला सांस्कृतिक संदेश

Update: 2025-09-06 19:12 GMT

नई दिल्ली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भूटान के प्रधानमंत्री दासो शेरिंग टोबगे और उनकी पत्नी औम ताशी दोमा के अयोध्या दौरे की सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि प्रभु श्रीराम के आदर्श विश्वभर के करोड़ों लोगों को प्रेरणा और शक्ति देते हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भूटान के प्रधानमंत्री और उनकी पत्नी को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में प्रार्थना करते देखना अद्भुत है। प्रभु श्रीराम के आदर्श पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा हैं।

 शेरिंग टोबगे अपनी आधिकारिक भारत यात्रा के दौरान शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे। उनके साथ उनकी पत्नी भी थीं। दोनों ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में पूजा-अर्चना की और मंदिर परिसर का अवलोकन किया। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया।

भारत-भूटान के सांस्कृतिक रिश्तों पर जोर

भूटान प्रधानमंत्री का यह दौरा भारत-भूटान के गहरे सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों का प्रतीक है। अयोध्या की उनकी आध्यात्मिक यात्रा न केवल धार्मिक महत्व रखती है, बल्कि यह दोनों देशों की साझा परंपराओं और विरासत को और मजबूत करती है।

नालंदा विश्वविद्यालय पर टोबगे का जोर

अपनी यात्रा के दौरान टोबगे ने नालंदा विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि नालंदा की शिक्षा और उसकी स्पिरिट आज भी प्रासंगिक है। भूटान इस परंपरा को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाता रहेगा। उन्होंने राजगीर में भूटान को मंदिर निर्माण का अवसर देने के लिए भारत सरकार का आभार भी जताया।

‘नालंदा स्पिरिट’ को आगे बढ़ाने का संकल्प

भूटान पीएम ने कहा कि आज नालंदा विश्वविद्यालय उसी भावना को आगे बढ़ा रहा है जो प्राचीन समय में शिक्षा और एकता का प्रतीक थी। उन्होंने कहा कि नालंदा स्पिरिट को आगे बढ़ाना जरूरी है और हम भूटान से इसका हिस्सा बनने पर गर्व महसूस करते हैं।

Tags:    

Similar News