पुष्कर में धीरेंद्र शास्त्री की हुंकार:: "सोशल मीडिया बर्बाद कर रहा रिश्ते, 'नाइस-ब्यूटीफुल' कहने वालों के जाल से बचें"
पुष्कर। तीर्थराज पुष्कर के मेला ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय हनुमंत कथा के अंतिम दिन बुधवार को बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने आधुनिक जीवनशैली और सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में सोशल मीडिया पति-पत्नी के पवित्र रिश्तों में दरार डाल रहा है, जिसके कारण शादियां टिक नहीं पा रही हैं।
दिखावे की दुनिया से बचने की सलाह
कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने युवाओं और महिलाओं को सचेत करते हुए कहा कि फेसबुक और इंस्टाग्राम पर 'नाइस' (Nice) और 'ब्यूटीफुल' (Beautiful) जैसे कमेंट करने वाले लोग असल में सबको यही बोलते हैं। उन्होंने कहा, "जाल में फंसाने वाले ऐसे लोगों से बचो। जितना हो सके मर्यादा में रहो और गंभीर बनो। परमात्मा से प्रेम करोगे तो कभी धोखा नहीं मिलेगा और कभी दुखी नहीं रहोगे।"
निंदा से घबराएं नहीं: "जिसकी निंदा होगी, वही जिंदा है"
जीवन के दर्शन पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि व्यक्ति को रूप, धन, यश या जीवन पर कभी घमंड नहीं करना चाहिए, बल्कि इसे ईश्वर का प्रसाद समझना चाहिए। निंदा करने वालों पर तंज कसते हुए शास्त्री ने कहा, "निंदा से घबराना नहीं चाहिए। जिसकी निंदा होती है, समझो वही जिंदा है। निंदा तो भगवान राम की भी हुई थी। संतों ने भी कहा है कि निंदक नियरे राखिए।"
पुष्कर से गया 'हिंदुत्व और हिंदुस्तान' का संदेश
कथा समापन के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि पुष्कर आस्था और उत्सव की पवित्र भूमि है। यहां आने वाले विदेशी सैलानी भी अब श्रद्धालु बनकर जा रहे हैं। वे यहां से 'हिंदू, हिंदुत्व और हिंदुस्तान' का वैश्विक संदेश लेकर लौट रहे हैं। कथा के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
