धर्मनगरी भीलवाड़ा में कल गूंजेगा सनातन: संत दर्शन और भव्य शोभायात्रा से दिखेगी एकता की अनूठी झलक
भीलवाड़ा |
हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर के तत्वावधान में आयोजित आठ दिवसीय 'सनातन मंगल महोत्सव एवं दीक्षा दान समारोह' अपने चरम पर है। महोत्सव के सातवें दिन, बुधवार 25 फरवरी को भीलवाड़ा की सड़कों पर सनातन धर्म की भव्यता और संतों का सानिध्य देखने को मिलेगा। इस विशाल शोभायात्रा के माध्यम से तीनों दीक्षार्थियों—इन्द्रदेव, सिद्धार्थ एवं कुनाल—की नगर परिक्रमा करवाई जाएगी।
सुबह 8 बजे दूधाधारी मंदिर से होगा आगाज
अयोध्या नगर स्थित दूधाधारी मंदिर से सुबह 8 बजे शुरू होने वाली इस शोभायात्रा में देश भर से आए प्रख्यात संत-महापुरुष और प्रभात फेरी मंडलियां शामिल होंगी। हजारों की संख्या में श्रद्धालु इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए हरि शेवा धाम पहुंचकर संपन्न होगी।
हेलीकॉप्टर से पहुंचे महामंडलेश्वर स्वामी गुरूशरणानंद महाराज
शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण उदासीन कार्ष्णि पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी गुरूशरणानंद महाराज (रमणरेती, गोकुल) का सानिध्य रहेगा। मंगलवार को उनके हेलीकॉप्टर से भीलवाड़ा पहुंचने पर महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन महाराज सहित अन्य संतों ने भव्य अगवानी की। स्वामी हंसराम ने बताया कि शहर में उत्साह का माहौल किसी 'अयोध्या उत्सव' जैसा है। नासिक, जम्मू और उड़ीसा की ढोल टीमें, शिव बारात और उज्जैन की महाकाल टीम विशेष आकर्षण रहेंगी।
भागवत कथा में गूंजा रूक्मणी विवाह का उल्लास
इधर, महोत्सव के छठे दिन डॉ. श्यामसुन्दर पाराशर ने श्रीमद् भागवत कथा में रासलीला और रूक्मणी विवाह के प्रसंग सुनाए। उन्होंने कहा कि रास जीवात्मा और परमात्मा के मिलन का प्रतीक है। कथा के दौरान सजीव झांकियां सजाई गईं और श्रद्धालुओं ने फूलों की होली खेलकर आनंद लिया।
आगामी कार्यक्रम: दीक्षा दान और विशाल भंडारा
26 फरवरी: सुबह 9 बजे हरि शेवा आश्रम में भव्य दीक्षा दान समारोह।
26 फरवरी: दोपहर 1 बजे 'एक संगत, एक पंगत' के भाव के साथ अग्रवाल उत्सव भवन में विशाल समष्टि भंडारा।
कल का समापन: गुरुवार को दोपहर 1 से 4 बजे तक सुदामा चरित्र और भागवत सार के साथ कथा को विश्राम दिया जाएगा।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
