श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मंगला आरती की लाइव स्ट्रीमिंग: बांकेबिहारी मंदिर में मंगला आरती के घर बैठे कर दर्शन,मंदिर में 600 लोग करेंगे दर्शन

Update: 2024-08-17 03:18 GMT

मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में रात दो बजे होने वाली मंगला आरती को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रशासन आरती की लाइव स्ट्रीमिंग कराएगी। इलाहाबाद हाई कोर्ट का निर्देश मिलने के बाद इस पर मंथन शुरू हो गया है। मंदिर के अंदर बैरिकेडिंग भी की जाएगी, ताकि अंदर श्रद्धालुओं का ठहराव न हो सके।

मंगला आरती में केवल छह सौ लोग ही शामिल होंगे। वर्ष 2022 में ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में मंगला आरती के दौरान भगदड़ मचने से दो श्रद्धालुओं की मृत्यु हो गई, जबकि एक दर्जन घायल हो गए। इसके बाद मंगला आरती में भीड़ नहीं होने दी जा रही है। इस बार श्रीकृष्ण जन्म्स्थान पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 26 अगस्त को है, जबकि ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में 27 अगस्त को। 27 अगस्त की रात दो बजे मंगला आरती होगी। इसे लेकर पूर्व में प्रशासन इलाहाबाद हाई कोर्ट द्वारा व्यवस्थाएं पूछे जाने पर प्रशासन ने अपना हलफनामा दाखिल कर व्यवस्थाएं बताई थीं।ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन की लाइव स्ट्रीमिंग होगी। ऐसे स्थानों पर स्क्रीन लगाई जाएगी, जहां श्रद्धालु बड़ी संख्या में एकत्र होते हैं। मंदिर में प्रवेश और निकास को लेकर मंदिर के अंदर बैरिकेडिंग की जाएगी। मंगला आरती पौने दो बजे से दो बजे के मध्य होगी। इसमें केवल 600 भक्तों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। मंगला आरती के समय मंदिर के पट बंद रहेंगे। भक्तों को मंदिर के पास एक क्षेत्र में रोका जाएगा। मंगला आरती के दौरान रहने वाले सेवायतों की भी सूची ली जाएगी।

Similar News