मौत का सौदा: 30 पैसे की नकली दवा 100 रुपये में बेची, पुलिस के डर से 10 फीट गहरे गड्ढे में दफन की 40 हजार टैबलेट

Update: 2026-04-06 02:29 GMT


नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा (Crime Branch) ने नकली दवाओं के एक ऐसे काले साम्राज्य का पर्दाफाश किया है, जिसे सुनकर रूह कांप जाए। चंद रुपयों के मुनाफे के लिए ये सौदागर लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे थे। पुलिसिया कार्रवाई के खौफ से आरोपियों ने 40 हजार से ज्यादा नकली टैबलेट और कैप्सूल जमीन में 10 फीट गहरा गड्ढा खोदकर दफना दिए थे, जिन्हें पुलिस ने जेसीबी (JCB) चलाकर बाहर निकाला।

30 पैसे में बनती थी दवा, 100 रुपये की एमआरपी

जांच में जो खुलासा हुआ है वह चौंकाने वाला है। आरोपियों ने कुबूल किया कि जिस दवा की एमआरपी (MRP) 100 रुपये होती थी, उसे बनाने में लागत महज 30 पैसे आती थी। इन नकली दवाओं को नामी कंपनियों के रैपर में पैक कर थोक बाजार में एमआरपी की 20 से 25 फीसदी कीमत पर बेच दिया जाता था। इस खेल में निखिल अरोड़ा उर्फ सन्नी, शिवम त्यागी और मयंक अग्रवाल जैसे लोग शामिल थे, जिनका दवाओं का पुराना और बड़ा नेटवर्क है।

जेसीबी से खुदाई कर निकाली 'मौत की खेप'

क्राइम ब्रांच ने सबसे पहले निखिल अरोड़ा को दबोचा। उसकी निशानदेही पर जब पुलिस आरोपी शिवम त्यागी के घर पहुंची, तो वहां कुछ नहीं मिला। लेकिन जब पुलिस ने सख्ती दिखाई, तो शिवम टूट गया। उसने बताया कि गिरफ्तारी के डर से उसने दवाओं का स्टॉक घर के पास ही गड्ढा खोदकर दबा दिया है। पुलिस ने मौके पर जेसीबी बुलाकर 10 फीट गहरी खुदाई कराई, जहां से हजारों की तादाद में नकली दवाएं बरामद हुईं।

150 फर्जी कंपनियों का जाल, बिलिंग का खेल

गिरोह के सदस्य राहुल और शाहरुख ने खुलासा किया कि वे नकली दवाओं को खपाने के लिए फर्जी कंपनियां बनवाते थे। एक से डेढ़ लाख रुपये में दवा कारोबारियों को फर्जी कंपनियां बनाकर दी जाती थीं ताकि कागजों पर कारोबार को असली दिखाया जा सके। पुलिस को अब तक ऐसी 150 फर्जी कंपनियों का पता चला है। गिरोह का मुख्य सरगना मयंक अग्रवाल पहले भी नारकोटिक्स और नकली दवाओं के मामले में जेल जा चुका है, लेकिन बाहर आते ही उसने फिर से मौत का यह कारोबार शुरू कर दिया।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455

Similar News