सेहत की जुगलबंदी: दही, योगर्ट और ग्रीक योगर्ट में क्या है बड़ा अंतर? जानें आपके लिए क्या है बेस्ट

By :  vijay
Update: 2026-04-06 23:40 GMT

 अक्सर लोग दही, योगर्ट और ग्रीक योगर्ट को एक ही समझ लेते हैं, लेकिन बनावट और पोषक तत्वों के मामले में ये तीनों एक-दूसरे से काफी अलग हैं। हालांकि ये तीनों ही दूध से बनते हैं और प्रोबायोटिक्स (गुड बैक्टीरिया) से भरपूर हैं, लेकिन इनके शरीर पर प्रभाव अलग-अलग होते हैं।

प्राकृतिक रूप से जमा 'दही'

दही को पारंपरिक तरीके से 'जामन' की मदद से बनाया जाता है। इसमें गाय या भैंस के दूध को गर्म कर पुराने दही के साथ फर्मेंट होने के लिए रखा जाता है। यह प्राकृतिक प्रोबायोटिक्स का खजाना है और विटामिन-डी व बी12 का बेहतरीन स्रोत है। इसकी बनावट थक्केदार होती है और इसमें थोड़ा पानी (Whey) भी रहता है।

फैक्ट्री में तैयार 'योगर्ट'

योगर्ट को औद्योगिक स्तर पर खास बैक्टीरिया (लैक्टोबैसिलस बुल्गेरिस और स्ट्रेप्टोकॉकस थर्मोफिलस) डालकर तैयार किया जाता है। इसका पीएच लेवल 4.6 तक लाया जाता है, जिससे इसका टेक्सचर घर के दही से ज्यादा गाढ़ा और स्मूथ होता है।

प्रोटीन से भरपूर 'ग्रीक योगर्ट'

ग्रीक योगर्ट दरअसल दही या योगर्ट का ही अगला रूप है। इसे बनाने के लिए दही का सारा पानी (Whey) निकाल दिया जाता है, जिससे यह बेहद गाढ़ा और क्रीमी हो जाता है। इसे 'हंग कर्ड' भी कहा जाता है। इसमें प्रोटीन की मात्रा साधारण दही से कहीं अधिक होती है, जो मांसपेशियों के लिए फायदेमंद है।

कौन सा है सबसे बेहतर?

अगर आप वजन घटाने (Weight Loss) की कोशिश कर रहे हैं, तो ग्रीक योगर्ट सबसे अच्छा विकल्प है क्योंकि इसमें प्रोटीन ज्यादा और कार्ब्स कम होते हैं। हालांकि, इसे खरीदते समय ध्यान रखें कि इसमें अतिरिक्त चीनी या फ्लेवर न हो। वहीं, पाचन दुरुस्त रखने के लिए घर का जमा ताजा दही सदाबहार विकल्प है।

Similar News