चित्तौड़गढ़: अशोक गहलोत ने सूरज माली के परिजनों से की मुलाकात, हर संभव मदद का दिया भरोसा

Update: 2025-09-21 18:13 GMT

चित्तौड़गढ़, : राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन में जानलेवा हमले का शिकार हुए सूरज माली के परिजनों से मुलाकात की। उदयपुर से सड़क मार्ग से कपासन पहुंचे गहलोत ने पांच बत्ती चौराहे पर धरना स्थल पर सूरज की मां और बहन से बात की, उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

गहलोत ने कहा, "आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है, मैं आपके साथ हूं।" उन्होंने पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना के माध्यम से सूरज के इलाज का पूरा खर्च वहन करने और बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने का वादा किया। मंच से अपने संबोधन में गहलोत ने पानी मांगने जैसी छोटी बात पर हमले को लोकतंत्र के लिए गलत बताया।

उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से बात की। कपासन थानाधिकारी की संदिग्ध भूमिका पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पुलिस अधीक्षक से कहा कि अगर आरोप सही हैं तो थानाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई हो। इस दौरान पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना और जिलाध्यक्ष भैरुलाल चौधरी भी उनके साथ थे।

Similar News