शादी के नाम पर बड़ा धोखा, तीन महीने में नकदी और जेवर लेकर फरार हुई पत्नी, पुलिस जांच में जुटी

Update: 2026-02-05 10:09 GMT

 पाली जिले के गुड़ा एंदला थाना क्षेत्र में शादी के नाम पर ठगी का एक मामला सामने आया है। डिंगाई निवासी जसराज ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई है, जिसमें उसने आरोप लगाया है कि विवाह के महज तीन महीने बाद उसकी पत्नी नकद रुपये और कीमती गहने लेकर घर से फरार हो गई।

पीड़ित जसराज मेहनत मजदूरी कर जीवन यापन करता है। उसने पुलिस को बताया कि मार्च 2025 में पाली में रहने वाले उसके दो परिचितों ने उसकी मुलाकात बिहार निवासी 31 वर्षीय युवती से करवाई थी, जो उस समय जयपुर में रह रही थी। आपसी बातचीत और सहमति के बाद दोनों का विवाह तय किया गया।

जसराज के अनुसार दो अप्रैल 2025 को पाली के एक आर्य समाज मंदिर में सादगी के साथ शादी कराई गई। शुरुआती दिनों में दांपत्य जीवन सामान्य रहा और किसी प्रकार का शक नहीं हुआ।

करीब तीन महीने बाद दामाड़िया बिहार निवासी पत्नी रेखा अचानक घर से गायब हो गई। आरोप है कि जाते समय वह घर में रखे नकद रुपये और सोने चांदी के जेवर भी अपने साथ ले गई। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन रिश्तेदारों और जान पहचान वालों के यहां भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।

इसके बाद जसराज ने गुड़ा एंदला थाने में मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Similar News