पड़ोसी निकला हत्यारा, कर्ज चुकाने के लिए बुजुर्ग महिला का गला काटकर सोना चांदी लूटी, चार दिन में खुला राज

Update: 2026-02-07 14:39 GMT

 सवाई माधोपुर। जिले के बौंली थाना क्षेत्र में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या और लूट की वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया था। अब पुलिस ने चार दिन की कड़ी मेहनत के बाद इस सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया है। हैरानी की बात यह रही कि महिला की हत्या किसी बाहरी बदमाश ने नहीं बल्कि उसके ही पड़ोसी ने की, जिसने कर्ज चुकाने के लिए दस दिन तक खौफनाक साजिश रची थी।

सोना चांदी गायब, खेत में मिली थी लाश

एसपी अनिल कुमार ने बताया कि कोड्याई गांव निवासी कमला देवी 75 पत्नी रामनिवास मीणा तीन फरवरी को जंगल में बकरियां चराने गई थीं। वह पैरों में चांदी के कड़े और शरीर पर सोने चांदी के जेवर पहने हुई थीं। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश की तो खेत में उनका शव मिला। उनका गला कटा हुआ था और दोनों पैरों के पंजे शव से कुछ दूरी पर पड़े थे। पैरों से करीब ढाई किलो चांदी के कड़े और गले में पहनी लगभग चार तोला सोने की ज्वेलरी गायब थी। बेटे हंसराज ने इस संबंध में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

मोटरसाइकिल बनी बड़ा सुराग

घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी नीलकमल मीणा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम बनाई गई। जांच के दौरान घटनास्थल के पास खड़ी एक मोटरसाइकिल अहम सुराग साबित हुई, जो पड़ोसी रामलाल जोगी पुत्र गोपी जोगी की निकली। ग्रामीणों ने भी उसे आखिरी बार कमला देवी के साथ देखा था।

कर्ज के दबाव में रची हत्या की साजिश

पूछताछ में खुलासा हुआ कि रामलाल के परिवार से मृतका के घर के घनिष्ठ संबंध थे और उसने कमला देवी के बेटे से करीब ढाई लाख रुपये उधार ले रखे थे। रकम लौटाने के दबाव में उसने महिला की हत्या और जेवर लूटने की साजिश रची। आरोपी ने करीब दस दिन पहले ही सरसों के खेत में कुल्हाड़ी छिपा दी थी और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस ने आरोपी को दतवास से गिरफ्तार कर लिया है और आगे की पूछताछ जारी है।

Similar News