जनगणना अधिकारियों को समझाई भूमिका और उत्तरदायित्व मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में जनगणना 2027 की कार्यशाला आयोजित
उदयपुर, । जनगणना 2027 के प्रभावी सम्पादन के लिये जनगणना अधिकारियों की भूमिकाओं और जिम्मेदारियों के विषय पर जनगणना अधिकारियों के साथ राज्य स्तरीय जनगणना प्रशिक्षण कार्यशाला माननीय मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, राजस्थान सरकार की अध्यक्षता में आयोजित की गयी । इस कार्यशाला में उद्घाटन सत्र के पश्चात तीन तकनीकी सत्र (प्रथम जनगणना अधिकारियों की भूमिका एवं उत्तरदायित्त्व, द्वितीय मकानसूचीकरण एवं सीएमएमएस पोर्टल का परिदृश्य तथा तृतीय प्रशिक्षण आयोजन, कार्मिक संयोजन एवं अन्य प्रशासनिक भूमिकायें) आयोजित किये गये । यह जनगणना भारत की 16वीं जनगणना होगी । सीएमएमएस पोर्टल के माध्यम से जनगणना कार्य की पूर्णतः डिजीटली रूप से मॉनिटरिंग की जायेगी ।
उप जिला जनगणना अधिकारी एवं संयुक्त निदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग पुनीत शर्मा ने बताया कि जनगणना 2027 दो चरणों में आयोजित की जायेगी । प्रथम चरण (मकान सूचीकरण) 01/05/2026 से 15/05/2026 तक स्वगणना आमजन के द्वारा तथा प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों द्वारा 16/05/2026 से 14/06/2026 तक किया जायेगा। द्वितीय चरण (जनगणना) फरवरी, 2027 में आयोजित किया जायेगा । उदयपुर जिले की 17 तहसीलों के 1882 ग्राम तथा 06 नगर निकायों (01 नगर निगम एवं 05 नगर पालिकायें) के 190 वार्ड में जनगणना 2027 आयोजित की जायेगी । जिला एवं चार्ज स्तरों पर जनगणना प्रकोष्ठों के गठन किये जा चुके हैं । जिले में 4300 प्रगणक ब्लॉक (3350 ग्रामीण एवं 950 शहरी) तथा 716 (558 ग्रामीण एवं 158 शहरी) पर्यवेक्षक मंडल निर्मित किया जाना प्रस्तावित है ।
कार्यशाला में जिला जनगणना अधिकारियों की भूमिका एवं उत्तरदायित्त्व पर प्रकाश डाला गया । इस कार्यशाला में भारत के महारजिस्ट्रार, भारत सरकार, जनगणना कार्य निदेशालय, राजस्थान, जयपुर के निदेशक, सम्भागीय जनगणना अधिकारी एवं सम्भागीय आयुक्त, प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर, प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं आयुक्त, नगर निगम, जिला जनगणना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन), उप जिला जनगणना अधिकारी एवं संयुक्त निदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, उदयपुर सम्मिलित हुये । इस कार्यशाला में जनगणना कार्यों की तैयारियाँ सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किये गये ।
यह भारत की प्रथम डिजीटल जनगणना होगी, जोकि मोबाईल एप्लीकेशन के माध्यम से होगी तथा जनगणना से सम्बन्धित समस्त कार्यों की निगरानी वेब पोर्टल के माध्यम से होगी । इस जनगणना में ब्लॉक गठन का कार्य भ्स्ठब् वेब पोर्टल के माध्यम से होगा । प्रत्येक जनगणना ब्लॉक 700 से 800 की जनसंख्या अथवा 150 से 180 परिवारों का होगा । इन जनगणना ब्लॉकों के मानचित्रों में इनकी प्रशासनिक सीमाओं का निर्धारण करते हुये प्रमुख गलियों/सड़कों/ चौराहों/नदी/नहरों/भू चिह्नों आदि का ध्यान भी रखा जायेगा । ब्लॉक गठन का कार्य फरवरी 2026 तक पूर्ण कर लिया जायेगा । आगामी सप्ताह में 20 से 21 फरवरी, 2026 तक चार्ज अधिकारियों का तथा 16 से 18 फरवरी, 2026 तक चार्ज कार्मिकों (नियमित सहायकों) का प्रशिक्षण आयोजित किया जायेगा।