एशियन लेक्रोज गेम्स में भारत का क्लीन स्वीप, पुरुष इराक़ व महिलाएं पाकिस्तान को पराजित कर बने सिरमौर

Update: 2026-02-06 16:30 GMT


उदयपुर । सऊदी अरब के रियाद में संपन्न एशियाई लैक्रोज गेम्स 2025-26 में भारत ने महिला व पुरुष दोनों वर्गों में विजेता होने का गौरव हासिल किया। दोनों भारतीय टीमों ने अपने शानदार प्रदर्शन से पुरुष फाइनल में इराक तथा महिलाओं ने पाकिस्तान को पराजित किया। भारतीय टीम के दल प्रबंधक इमरान लारी के अनुसार भारतीय टीम की जीत में प्रशिक्षक नीरज बत्रा व तकनीकी अधिकारी शकील खान की कुशल योजना का विशेष योगदान रहा।

प्रतियोगिता के महिला वर्ग का पाकिस्तान से फाइनल मुकाबला हाई वोल्टेज भरा रहा जिसमें भारतीय टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 22-5 से पाकिस्तान को रौंद दिया। मैच के दौरान दोनों ही टीमों के स्थानीय समर्थकों के उत्साह वर्धन के बीच प्रारंभ में मुकाबला कशमकश भर रहा लेकिन भारतीय टीम की गति, तेज तर्रार आक्रमण, मजबूत रक्षण, सामंजस्य पुर्ण योजनाबद्ध खेल व उत्कृष्ट गोलकीपिंग ने पाकिस्तानी टीम के पांव उखाड़ उनके मंसूबों को नेस्तनाबूद कर दिया। भारतीय टीम की जीत में जुला कुमारी गुर्जर ने 8, जाह्नवी राठौड़ ने 6, यशोदा गमेती ने 3, मीरा दौजा व डाली गमेती ने 2-2 व सुनीता मीणा ने 1 गोल किया। पिछले एशियन गेम्स की सर्वश्रेष्ठ स्कोरर व कप्तान सुनीता मीणा ने योजना अनुरूप आक्रमण में रोशनी बोस के साथ गेम प्लानर की जिम्मेदारी निभा अधिकतर गोल में महत्वपूर्ण एसिस्ट किया तथा डिफेंडर खुशबू के साथ मजबूत रक्षण किया। भारतीय टीम की दोनों ही गोलकीपर यशिष्ठा बत्रा व मुकन कुमारी गुर्जर ने योजना अनुरूप बारी-बारी मिले मौके से शानदार प्रदर्शन कर पाकिस्तानी टीम के आक्रमण को नाकाम कर गोल अंतर अधिक रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। महिला टीम के शानदार जीत से उत्साहित पुरुष टीम ने भी इराक के खिलाफ तेज तर्रार योजनाबद्ध शुरुआत की। चोटग्रस्त मुख्य स्ट्राइकर मोहनलाल गमेती ने मुख्य गेम प्लानर की भूमिका निभाई तथा इराक के मजबूत रक्षकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित रखा जिससे भारतीय टीम के द्वारा मैदान के दोनों विंग का बखूबी इस्तेमाल कर गेप में छोटे-छोटे पास से इराक के मजबूत कद-काठी के खिलाड़ियों को छका खूब थकाया। लंबे कद के खब्बू दयाशंकर गमेती ने 5, खुमाराम गमेती व निशांत नागदा ने 2-2 गोल किए। वहीं सभी ने आशीष गोयत के साथ एकसाथ रक्षण में आकर टोटल लेक्रोज का शानदार प्रदर्शन किया। अन्य मैचों की भांति आज भी गोलकीपर नारायण लाल गमेती का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा जिससे भारतीय टीम 9-3 गोलों से विजय रही।

भारत की दोनों वर्गों में स्वर्णिम भारत वर्ष के ही नहीं स्थानीय समर्थकों में भी हर्ष के लहर रही। इन्होंने भारत माता की जय के नारों से स्टेडियम को गूंजायमान कर दिया। टीम के साथ उपस्थित चिफ डे मिशन सौरभ वेताल, शहजाद खान, राजपाल रेडी, खिलाड़ियों, प्रशिक्षक, समर्थकों सहित खुशी से झूम उठे और तिरंगा लहराते हुए भारत माता की जयकारों के साथ मैदान का चक्कर लगा समर्थकों का गर्मजोशी भरा अभिवादन स्वीकार किया। लैक्रोज फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष गोरखपुर सांसद मशहूर अभिनेता रवि किशन शुक्ला, चौयरमैन बिपून विजय, सीईओ तौसीफ लारी, सेक्रेटरी जनरल नबीज आलम सहित समस्त पदाधिकारियों, राज्य संघों, प्रवर्तकों व समर्थकों जिनमें राजस्थान से राजस्थान लेक्रोज संघ के अध्यक्ष अशोक परनामी, राजस्थान खेल परिषद अध्यक्ष नीरज के पवन, उदयपुर लोकसभा सांसद डॉ मन्नालाल लाल रावत, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, उदयपुर संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, आयुक्त क्षेत्रीय जनजाति विकास विभाग कन्हैयालाल स्वामी, उदयपुर कलेक्टर नमित मेहता, आयुक्त उदयपुर विकास प्राधिकरण राहुल जैन, कश्ती फाउंडेशन की श्रद्धा मुर्डिया आदि ने सोशल मीडिया व विभिन्न माध्यमों से बधाई दी तथा प्रसन्नता जता विश्वास व्यक्त किया कि इस ऐतिहासिक सफलता से लेक्रोज की लोकप्रियता संपूर्ण भारत में तेजी से बढ़ेगी और युवा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिल पाएंगे।

Similar News