एनडीसी का 15 सदस्यीय दल दो दिवसीय दौरे पर पहुँचा उदयपुर, जिला कलेक्टर - एसपी से की मुलाकात

Update: 2026-02-06 18:00 GMT

 

उदयपुर,  । नेशनल डिफेंस कॉलेज (एनडीसी) का 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को दो दिवसीय अध्ययन दौरे पर उदयपुर पहुंचा। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्ट्रेट के मिनी सभागार में जिला कलेक्टर नमित मेहता एवं जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल से शिष्टाचार भेंट की तथा विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से आंतरिक सुरक्षा से जुड़े पहलुओं, जनजातीय क्षेत्रों के विकास, क्षेत्र में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं तथा जनजातीय समुदाय को पर्यटन गतिविधियों से जोड़कर रोजगार के नए अवसर सृजित करने जैसे मुद्दों पर जानकारी ली। जिला प्रशासन की ओर से उदयपुर जिले की भौगोलिक, सामाजिक एवं प्रशासनिक विशेषताओं, जनजातीय अंचलों में संचालित विकास योजनाओं और सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रस्तुतीकरण भी दिया गया।

जिला कलेक्टर नमित मेहता ने प्रतिनिधिमंडल को जिले में जनजातीय विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढांचे और पर्यटन संवर्धन के लिए किए जा रहे नवाचारों से अवगत कराया। वहीं जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने कानून-व्यवस्था, सामुदायिक पुलिसिंग और आंतरिक सुरक्षा के दृष्टिकोण से अपनाई जा रही रणनीतियों की जानकारी साझा की। इस दौरान एडीएम दीपेंद्र सिंह, एडीएम शहर जितेंद्र ओझा, कृषि विभाग के सहायक निदेशक एवं नोडल अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह राठौड़ सहित जिले के अधिकारी मौजूद रहे।

गौरतलब है कि नेशनल डिफेंस कॉलेज के इस 15 सदस्यीय दल में ग्रीस, ऑस्ट्रेलिया, नेपाल, बांग्लादेश, श्रीलंका,ओमान सहित विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के साथ भारतीय सशस्त्र सेनाओं के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल है। इससे पूर्व प्रतिनिधिमंडल जयपुर और अजमेर का भी अध्ययन दौरा कर चुका है तथा उदयपुर में विभिन्न स्थलों का भ्रमण कर क्षेत्रीय व्यवस्थाओं का अवलोकन करेगा।

Similar News