दर्दनाक हादसा: बारात की कार पलटने से दूल्हे के भाई और फोटोग्राफर की मौत, गोवंश को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा

Update: 2026-03-11 08:11 GMT

 


बीदासर (चूरू) | शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब मंगलवार शाम बारात लेकर जा रही एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण सड़क हादसे में दूल्हे के बड़े भाई और बारात के फोटोग्राफर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। हादसा चूरू जिले के बीदासर थाना इलाके में ढाणी कुम्हारान के पास हुआ।

गोवंश को बचाने के प्रयास में पलटी कार

बीदासर थानाधिकारी दिलीप सिंह शेखावत के अनुसार, हादसा मंगलवार शाम साढ़े सात से आठ बजे के बीच हुआ। देवली तलाई निवासी जाखड़ परिवार की बारात राजलदेसर की ओर जा रही थी। कार को दूल्हे के बड़े भाई सुरेश कुमार जाट (28) स्वयं चला रहे थे। देवली तलाई से करीब 12 किलोमीटर दूर निकलने पर अचानक कार के सामने गोवंश आ गया। पशु को बचाने के प्रयास में सुरेश ने नियंत्रण खो दिया और कार असंतुलित होकर पलट गई।

दो परिवारों में पसरा सन्नाटा

कार में कुल तीन लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में घायल हुए लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने दूल्हे के भाई सुरेश कुमार जाट (28) और फोटोग्राफर नरेश कुमार दर्जी (38) को मृत घोषित कर दिया। कार में सवार तीसरा युवक राहुल घायल है, जिसका उपचार जारी है। मंगलचंद जाखड़ की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद शादी वाले घर में उत्सव की जगह शोक की लहर दौड़ गई है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455

Similar News