रिश्वतखोर कांस्टेबल रंगे हाथों गिरफ्तार: गैराज सीज करने की धमकी देकर मांगी थी 'मंथली'

Update: 2026-03-12 03:14 GMT


उदयपुर | भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की उदयपुर स्पेशल यूनिट ने बुधवार देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस कांस्टेबल नागेंद्र सिंह को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी कांस्टेबल ने एक गैराज मालिक को झूठे केस में फंसाने और गैराज सीज करने की धमकी देकर रुपयों की मांग की थी।

झूठे आरोपों का डर दिखाकर मांगी 50 हजार की 'बंदी'

एसीबी महानिदेशक डॉ. गोविंद गुप्ता के अनुसार, परिवादी महेंद्र डांगी (गैराज मालिक) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ पुलिसकर्मी सादी वर्दी में सरकारी गाड़ी लेकर उसके एकलिंगपुरा स्थित गैराज पर आए। उन्होंने खुद को 'डिप्टी साहब की स्पेशल टीम' का बताते हुए गैराज में चोरी की गाड़ियां काटने और नाबालिगों से काम कराने के झूठे आरोप लगाए। कार्रवाई न करने और गैराज को सीज होने से बचाने के बदले आरोपियों ने 50 हजार रुपए प्रति माह 'बंदी' की मांग की, जो बाद में 25 हजार रुपए पर तय हुई।

एसीबी का जाल और कार्रवाई

शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने जाल बिछाया। बुधवार रात जैसे ही कांस्टेबल नागेंद्र सिंह रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपए लेने पहुंचा, टीम ने उसे दबोच लिया। मामले में सहायक उपनिरीक्षक (ASI) शक्तिसिंह और कांस्टेबल अनिल मीणा भी नामजद हैं, जो फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। एसीबी की टीमें फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455


Similar News