खराब बिजली डीपी लेकर जा रहे ग्रामीणों की गाड़ी खाई में गिरी, दो की मौत, तीन गंभीर

Update: 2026-03-13 17:06 GMT

  उदयपुर जिले के गोगुंदा-सायरा मार्ग पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गुड़ा गांव के ग्रामीण खराब बिजली डीपी (ट्रांसफार्मर) को बदलवाने के लिए गोगुंदा ले जा रहे थे, तभी श्रीमालियों की मादड़ी के पास उनका लोडिंग टेंपो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में दो ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

बिजली विभाग के कर्मचारी की लापरवाही आई सामने

जानकारी के अनुसार, गुड़ा गांव के एक मोहल्ले में पिछले कुछ समय से बिजली गुल थी। बिजली विभाग की फॉल्ट रिमूवल टीम (FRT) के कर्मचारी महावीर सिंह ने नियमानुसार विभाग की गाड़ी बुलाने के बजाय ग्रामीणों से खुद ही डीपी खुलवा दी। कर्मचारी ने ग्रामीणों को निर्देश दिया कि वे इस डीपी को निजी स्तर पर गोगुंदा लेकर जाएं और वहां से बदलवाकर ले आएं। विभाग की इसी लापरवाही के चलते ग्रामीण निजी टेंपो में भारी डीपी लादकर रवाना हुए और हादसे का शिकार हो गए।

मौके पर ही दो लोगों ने तोड़ा दम

शाम करीब 4 बजे हुए इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही गोगुंदा थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। हादसे में भोपाल सिंह (55) पुत्र पन सिंह और राम सिंह (45) पुत्र भेरू सिंह की जान चली गई। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर शवों को गोगुंदा अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया है।

एक्शन में विभाग: कर्मचारी को हटाया

मामले की गंभीरता और विभाग की लापरवाही उजागर होने के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई की है। फॉल्ट रिमूवल टीम (FRT) के संबंधित ठेका कर्मचारी महावीर सिंह को तत्काल प्रभाव से काम से हटा दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि किन परिस्थितियों में ग्रामीणों को सरकारी काम के लिए जोखिम उठाने पर मजबूर किया गया।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455

Similar News

सावधान! आपकी रसोई और बाथरूम में पहुंच रहा है 'नकली' सामान:: टाटा नमक, सर्फ एक्सेल और हार्पिक बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी