भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार: रिश्वतकांड के बाद उदयपुर एसपी का बड़ा एक्शन, जिले की सभी अवैध 'स्पेशल टीमें' भंग

Update: 2026-03-13 16:59 GMT


उदयपुर | दो दिन पहले उदयपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) द्वारा एक कांस्टेबल को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ने के बाद उठे सवालों ने पुलिस सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिए थे। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए उदयपुर पुलिस अधीक्षक (SP) योगेश गोयल ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। एसपी ने जिले में अनाधिकृत रूप से चल रही सभी स्पेशल टीमों को तत्काल प्रभाव से भंग करने के आदेश जारी किए हैं।

केवल DST ही रहेगी मान्य, अन्य टीमें अवैध

एसपी योगेश गोयल द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जिले में अपराधों पर लगाम लगाने और सूचनाएं संकलित करने के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार केवल जिला विशेष टीम (DST) का ही गठन किया गया है। एसपी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि संज्ञान में आया है कि कुछ वृत्ताधिकारी (DSP) और अन्य स्तर के अधिकारियों ने बिना मुख्यालय की अनुमति के अपने स्तर पर 'स्पेशल टीमें' बना रखी हैं, जो नियमों और विभागीय आदेशों की खुली अवहेलना है।

थाना स्तर से जाब्ता अटैच करने पर रोक

आदेश में यह भी रेखांकित किया गया है कि कई अधिकारी कार्यालय की सहमति के बिना विभिन्न थानों से पुलिसकर्मियों (जाब्ता) को अपने स्तर पर अटैच कर लेते हैं। एसपी ने इसे गलत बताते हुए निर्देश दिए हैं कि:

DST के अलावा जिले में गठित की गई अन्य सभी टीमें तुरंत प्रभाव से भंग की जाएं।

थानों से बुलाई गई पुलिस फोर्स को तत्काल उनके मूल थानों पर वापस भेजा जाए।

सिस्टम सुधारने की कोशिश

कांस्टेबल के रिश्वत कांड ने यह उजागर किया था कि ऐसी टीमें कई बार आधिकारिक नियंत्रण से बाहर होकर गलत गतिविधियों में लिप्त हो जाती हैं। एसपी के इस सख्त रुख से जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। आदेश में साफ कहा गया है कि भविष्य में इस तरह की किसी भी टीम का गठन अनुशासनहीनता माना जाएगा।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455

Similar News

सावधान! आपकी रसोई और बाथरूम में पहुंच रहा है 'नकली' सामान:: टाटा नमक, सर्फ एक्सेल और हार्पिक बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी