सीकर जिले में भव्य स्तर पर मनाई जाएगी डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती
सीकर, । डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती के अवसर पर 11 से 14 अप्रैल तक सीकर जिले में चार दिवसीय विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बाबा साहेब के जीवन-दर्शन एवं भारतीय संविधान के प्रति जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रमों की पूर्व तैयारियों के संबंध में जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने बताया विभिन्न विभाग के अधिकारियों को कार्यक्रमों को सफल एवं व्यापक स्तर पर आयोजित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि 11 अप्रैल को कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती के साथ होगा। इस अवसर पर जिला मुख्यालय सहित समस्त उपखंड एवं ब्लॉक स्तर पर उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।
12 अप्रैल को डॉ. अम्बेडकर के जीवन परिचय एवं संविधान जागरूकता पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘संविधान को जानें’ विषय पर ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता का शुभारंभ किया जाएगा, जो 14 अप्रैल तक संचालित रहेगी।
13 अप्रैल को जिले के छात्रावासों एवं आवासीय विद्यालयों में डॉ. अम्बेडकर के जीवन पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा स्वच्छता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
14 अप्रैल को समापन दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम सीकर मुख्यालय पर आयोजित होगा। इसके साथ ही समस्त ब्लॉक एवं पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें संविधान की प्रस्तावना का वाचन, संविधान शपथ एवं अन्य गतिविधियां आयोजित होंगी।
जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संविधान की महत्ता एवं डॉ. अम्बेडकर के सामाजिक न्याय के सिद्धांतों से अवगत कराना है। कार्यक्रमों में शिक्षा विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा स्वायत्त शासन विभाग सहित विभिन्न विभागों की सक्रिय भागीदारी रहेगी।
