स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत सफाई मित्रों की प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित
सीकर । सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत नगर परिषद सीकर द्वारा 8 अप्रैल 2026 बुधवार को वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा के निर्देशानुसार परिषद सभागार में सभी सफाई मित्रों के लिए एक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में अधिशाषी अभियंता नागरमल ने सफाई मित्रों को संबोधित करते हुए स्वच्छता कार्यों के दौरान सुरक्षा एवं सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई करते समय सभी कर्मचारी अनिवार्य रूप से मास्क एवं हाथों में ग्लव्स का उपयोग करें, जिससे उनका स्वास्थ्य सुरक्षित रह सके।
इसके साथ ही उन्होंने सफाई मित्रों को आमजन को जागरूक करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि वार्डवासियों को सूखा एवं गीला कचरा अलग-अलग डस्टबिन में डालने के लिए प्रेरित करें तथा कचरा इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित स्थान पर ही डालने के लिए समझाएं।
कार्यशाला में यह भी निर्देश दिए गए कि शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें स्वच्छ एवं सुंदर सीकर के निर्माण में सहभागी बनाया जाए।
नगर परिषद सीकर द्वारा इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
