विधानसभा स्पीकर देवनानी ने किया चार वित्तीय समितियों का गठन: टीकाराम जूली बने जनलेखा समिति के सभापति
जयपुर (हलचल)।** राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने विधानसभा की चार महत्वपूर्ण वित्तीय समितियों का गठन कर दिया है। देवनानी ने जनलेखा समिति, प्राक्कलन समिति 'क', प्राक्कलन समिति 'ख' और राजकीय उपक्रम समिति के सभापतियों व सदस्यों की घोषणा की है। संसदीय परंपराओं के अनुरूप विपक्ष को महत्व देते हुए नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली को जनलेखा समिति का सभापति नियुक्त किया गया है। इन सभी समितियों का कार्यकाल 31 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेगा, जिसके पश्चात नए सिरे से समितियों का पुनर्गठन किया जाएगा।
**भाजपा विधायकों को मिली तीन समितियों की कमान:** जनलेखा समिति को छोड़कर शेष तीनों महत्वपूर्ण वित्तीय समितियों में सत्ताधारी भाजपा के विधायकों को सभापति की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा विधायक संदीप शर्मा को प्राक्कलन समिति 'क' का सभापति बनाया गया है। इसी प्रकार, विधायक बाबू सिंह राठौड़ प्राक्कलन समिति 'ख' के सभापति होंगे, जबकि वरिष्ठ विधायक कालीचरण सराफ को राजकीय उपक्रम समिति के सभापति पद पर नियुक्त किया गया है।
**डोटासरा बने समिति सदस्य:** समितियों के गठन में राजनीतिक संतुलन का भी ध्यान रखा गया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को प्राक्क्लन समिति-ख (एस्टीमेट कमेटी-बी) में सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है। ये समितियां विधानसभा के वित्तीय नियंत्रण और सरकारी खर्चों की निगरानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। समितियों के गठन के साथ ही अब विधानसभा की विधायी और निगरानी प्रक्रियाओं में तेजी आने की उम्मीद है।
**भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:**
**समाचार:** प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
**विज्ञापन:** विजय गढवाल 6377364129
**संपर्क कार्यालय:** भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
