इतिहास रचने की तैयारी: 10वीं का परिणाम 12वीं से पहले, 23 मार्च को जारी हो सकता है रिजल्ट
अजमेर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) इस बार परीक्षा परिणामों को लेकर एक नया इतिहास रचने जा रहा है। बोर्ड प्रशासन द्वारा 10वीं कक्षा का परिणाम आगामी 23 मार्च को जारी किए जाने की प्रबल संभावना है। यदि ऐसा होता है, तो बोर्ड के इतिहास में यह पहली बार होगा जब 10वीं का रिजल्ट मार्च के महीने में ही घोषित कर दिया जाएगा।
12वीं से पहले आएगा 10वीं का परिणाम
आमतौर पर बोर्ड पहले 12वीं के अलग-अलग संकायों के परिणाम जारी करता है, लेकिन इस बार व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। राज्य सरकार के निर्देशानुसार नया शैक्षणिक सत्र (2026-27) एक अप्रैल से शुरू होना है, जिसे ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने 10वीं के परिणाम को प्राथमिकता दी है।
मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी, डेटा कंपाइलेशन जारी
बोर्ड सूत्रों के अनुसार, सभी कॉपियों की जांच का कार्य पूर्ण हो चुका है। वर्तमान में विभिन्न विषयों के अंकों को पोर्टल पर कंपाइल (एकत्रित) करने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। इस डेटा को फाइनल प्रोसेसिंग के लिए संबंधित फर्म को भेज दिया गया है। अंतिम चेकिंग और तकनीकी सत्यापन के तुरंत बाद बोर्ड प्रशासन परिणाम की आधिकारिक घोषणा करेगा।
छुट्टियों के कारण हुई मामूली देरी
बोर्ड ने पूर्व में 20 मार्च तक परिणाम घोषित करने का लक्ष्य रखा था, लेकिन बीच में आई छुट्टियों और मूल्यांकन प्रक्रिया की बारीकियों के कारण इसमें दो-तीन दिन का विलंब हुआ है। अब 23 मार्च की तिथि को परिणाम घोषित करने के लिए सबसे उपयुक्त माना जा रहा है। इस त्वरित प्रक्रिया से छात्र समय पर अगली कक्षा में प्रवेश ले सकेंगे और नए सत्र की पढ़ाई सुचारू रूप से शुरू हो पाएगी।