नसीराबाद: लाल डिग्गी तालाब में कूदकर युवक ने दी जान, पत्थर पर लिखा- 'पत्नी और बच्चों मुझे माफ करना'

Update: 2026-03-19 09:31 GMT

नसीराबाद । अजमेर के नसीराबाद स्थित लाल डिग्गी तालाब में एक युवक द्वारा सुसाइड करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी किशन दोधानी (पुत्र भगवान दास) के रूप में हुई है, जो दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था।

पत्थर पर लिखा सुसाइड नोट

घटनास्थल पर तालाब के किनारे युवक के जूते और एक पत्थर मिला, जिस पर मार्मिक संदेश लिखा था— "मेरी पत्नी और बच्चे माफ करें।" स्थानीय लोगों ने युवक को सुबह तालाब की पाल पर बैठे देखा था, लेकिन कुछ ही देर बाद वहां केवल उसके जूते और संदेश लिखा पत्थर मिला। अनहोनी की आशंका पर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

रेस्क्यू ऑपरेशन और शिनाख्त

सूचना मिलते ही सिटी थाना प्रभारी पंकज माझू जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। एनडीआरएफ की टीम और गोताखोरों को बुलाया गया। सुबह करीब आठ बजे से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया और एक घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को नसीराबाद अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।

परिवार में मचा कोहराम

मृतक किशन के परिवार में उसकी पत्नी और 12 व 8 साल की दो मासूम बेटियां हैं। अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल सुसाइड के स्पष्ट कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। सिटी थाना पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Tags:    

Similar News