अजमेर में 28 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित यात्रा, प्रशासन ने संभाली कमान

Update: 2026-02-20 07:18 GMT

अजमेर। प्रधानमंत्री 28 फरवरी को प्रस्तावित अजमेर यात्रा को लेकर जिला प्रशासन व्यापक तैयारियों में जुट गया है। सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर सभास्थल कायड़ विश्राम स्थली पर व्यवस्थाएं अंतिम रूप दी जा रही हैं।

कायड़ विश्राम स्थली पर विशाल मंच तैयार किया जा रहा है, जहां 80 गुणा 14 फीट का एलईडी बैकड्रॉप और 8 गुणा 10 फीट की 36 एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। इसके साथ ही 35 टावर एसी, 38 डक्टेबल एसी, 30 डीजी सेट तथा 300 अस्थायी फ्लड लाइट्स की व्यवस्था की जा रही है ताकि सभा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

करीब दो लाख नागरिकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए चिकित्सा विभाग ने विशेष इंतजाम किए हैं। सभा स्थल पर 20 मेडिकल टीमें तथा प्रत्येक पार्किंग स्थल पर एक मेडिकल टीम तैनात की जाएगी। प्रत्येक टीम में एक डॉक्टर और चार नर्सिंगकर्मी आवश्यक दवाओं और उपकरणों के साथ मौजूद रहेंगे।

नगर निगम द्वारा सभा स्थल पर अग्निशमन वाहनों की व्यवस्था की जाएगी। निगम के पास फिलहाल 18 अग्निशमन वाहन उपलब्ध हैं। जनसभा में संभावित भीड़ को देखते हुए स्थानीय निकाय निदेशक ने अन्य निकायों से 15 अतिरिक्त अग्निशमन वाहन उपलब्ध कराने के आदेश जारी किए हैं। इसके साथ ही आमजन की सुविधा के लिए सभा स्थल से सटे पार्किंग स्थलों पर मोबाइल टॉयलेट्स की व्यवस्था भी की जाएगी। निगम के पास 19 मोबाइल टॉयलेट्स उपलब्ध हैं, जबकि अन्य निकायों से 42 अतिरिक्त मोबाइल टॉयलेट्स मंगवाए जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री के अजमेर प्रवास के दौरान एचपीवी वैक्सीन लॉन्च किए जाने की भी योजना है। सूत्रों के अनुसार वैक्सीन लॉन्चिंग के लिए अजमेर स्थित जनाना चिकित्सालय, कायड़, गगवाना अथवा किशनगढ़ के किसी एक चिकित्सालय का चयन किया जाएगा। वहां 9 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 15 चयनित बालिकाओं की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। टीकाकरण के लिए पांच एएनएम आवश्यक संसाधनों के साथ तैनात रहेंगी।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने अनुमानित दो लाख लोगों की उपस्थिति को देखते हुए 50 से 70 पानी के टैंकरों के माध्यम से पेयजल वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की है। सभा स्थल के साथ-साथ पार्किंग स्थलों, विभिन्न चेक पोस्ट और हाईवे पर भी आवश्यकता अनुसार पानी के टैंकर उपलब्ध रहेंगे। इसके अतिरिक्त सभा स्थल पर अजमेर विकास प्राधिकरण द्वारा पांच हजार पानी के कैम्पर रखवाए जाएंगे।

प्रधानमंत्री की यात्रा के मद्देनजर यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर भारी वाहनों को मांगलियावास और किशनगढ़ से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं नागौर से पुष्कर बायपास की ओर आने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा।

Tags:    

Similar News