अजमेर जिले के पीसांगन में गैस सिलेंडर में आग, पिता-पुत्र झुलसे, घर का सामान जला

Update: 2026-02-15 09:10 GMT


अजमेर जिले के पीसांगन कस्बे में रविवार सुबह गैस चूल्हे पर पानी गर्म करते समय सिलेंडर में अचानक आग लग गई। हादसे में रसोई में मौजूद पिता और पुत्र झुलस गए, जबकि घर में रखा मोटरसाइकिल, कूलर, अलमारी सहित अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। गनीमत रही कि समय रहते परिवार के अन्य सदस्य बाहर निकल आए और बड़ी जनहानि टल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब साढ़े आठ बजे राकेश अपने पिता महेंद्र दास के साथ गैस चूल्हे पर पानी गर्म कर रहा था। इसी दौरान अचानक सिलेंडर में आग भड़क उठी और देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं। आग की चपेट में आने से दोनों झुलस गए। शोर सुनकर घर में मौजूद अन्य लोग तुरंत बाहर भागे।

आग की लपटों ने रसोई से सटे कमरे को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मोटरसाइकिल, कूलर, अलमारी और अन्य घरेलू सामान जल गया। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मशक्कत के बाद जलते सिलेंडर को बाहर निकालकर आग पर काबू पाया।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। झुलसे पिता-पुत्र को प्राथमिक उपचार दिया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हालांकि आग की वजह से रसोई के पास वाले कमरे की दीवारों में दरारें आ गई हैं, जिससे भविष्य में बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है।

तहसील प्रशासन की ओर से भागीरथ चौधरी के निर्देश पर पटवारी देवेंद्र चौधरी ने मौके पर पहुंचकर घटना की रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Similar News