ई-कॉमर्स कंपनी को 1.79 करोड़ की चपत, असली मोबाइल-लैपटॉप निकाल भेजे नकली
जयपुर (हलचल)। राजधानी के करणी विहार थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज साइबर और ई-कॉमर्स धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शातिर बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से एक निजी इंटरनेट कंपनी को करीब 1.79 करोड़ रुपए का भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साजिश के तहत 52 खातों का उपयोग
अधिकृत इंटरनेट प्राइवेट लिमिटेड (अजयराजपुरा, सेज) में कार्यरत चन्द्रप्रकाश सिंह पुत्र जगरूप सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि नवंबर से फरवरी के बीच इस वारदात को अंजाम दिया गया। अज्ञात आरोपियों ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म 'फ्लिपकार्ट' पर संचालित 52 अलग-अलग ग्राहक खातों का उपयोग किया। आरोपी इन खातों के जरिए महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान का ऑर्डर देते थे।
प्रीमियम गैजेट्स की जगह लौटाया कबाड़
ठगी का तरीका बेहद शातिर था। आरोपियों ने एपल, सैमसंग और लेनोवो जैसे हाई-प्रीमियम ब्रांड्स के मोबाइल फोन, लैपटॉप और टैबलेट ऑर्डर किए। डिलीवरी मिलने के बाद, आरोपियों ने असली और महंगे सामान निकालकर उनकी जगह नकली या खराब सामान पैक कर दिया और ऑर्डर को 'रिटर्न' कर दिया। कंपनी को जब यह पार्सल वापस मिले, तो उनमें असली उत्पाद गायब थे।
जांच के घेरे में डिलीवरी नेटवर्क
पुलिस अब इन 52 ग्राहक खातों की डिटेल खंगाल रही है। संदेह जताया जा रहा है कि इस बड़े फर्जीवाड़े में डिलीवरी नेटवर्क या पैकेजिंग चेन से जुड़े लोग भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस इसे ई-कॉमर्स फ्रॉड के किसी बड़े संगठित गिरोह की कारस्तानी मान रही है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
