लुटेरी दुल्हन का धोखा: शादी के 6 दिन बाद गहने लेकर फरार
अजमेर अजमेर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एक लुटेरी दुल्हन की करतूत ने सभी को हैरान कर दिया है। महाराष्ट्र के पुणे निवासी बकुल कुमार ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी शादी के मात्र 6 दिन बाद दुल्हन सुलोचना यादव सोने-चांदी के गहने, नकदी और कपड़े लेकर फरार हो गई। पुलिस ने सुलोचना सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बकुल ने बताया कि अविवाहित होने के कारण उन्होंने अपने भाई महेंद्र चौधरी से संपर्क किया, जिन्होंने अपने मित्र कमलेश और कमल के जरिए छत्तीसगढ़ की एक लड़की सुलोचना यादव से शादी तय कराई। अजमेर सेशन कोर्ट में शादी के दस्तावेज तैयार किए गए, और आर्य समाज में विवाह संपन्न हुआ। शादी के लिए 2 लाख 20 हजार रुपये महेंद्र और कमल के खाते में और 1100 रुपये एक अन्य खाते में ऑनलाइन जमा कराए गए।
शादी के बाद सुलोचना ने खुलासा किया कि वह पहले से शादीशुदा है, उसकी एक बच्ची थी जिसकी मृत्यु हो चुकी है, और उसका एक बॉयफ्रेंड जयपुर में रहता है। पुणे से अजमेर लौटते समय बड़ौदा स्टेशन पर सुबह जब बकुल उठे, तो सुलोचना ट्रेन से गहने, नकदी और कपड़े लेकर गायब थी। बकुल ने बड़ौदा स्टेशन पर तुरंत शिकायत दर्ज की।
जब बकुल और उनके परिवार ने महेंद्र, कमलेश और कमल से संपर्क किया, तो उन्हें पैसे वापस दिलाने का आश्वासन दिया गया, लेकिन बाद में झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार दुल्हन व अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।