किसान को 'हनी ट्रैप' में फंसाकर 6.50 लाख की ठगी, गिरोह के आधा दर्जन सदस्यों पर मुकदमा दर्ज
हनुमानगढ़। जिले के पल्लू थाना क्षेत्र में एक संगठित हनी ट्रैप गिरोह ने एक 43 वर्षीय किसान को ब्लैकमेल कर 6.50 लाख रुपये ऐंठ लिए। गिरोह में महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल हैं, जिन्होंने किसान पर नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का झूठा आरोप लगाकर उसे डराया-धमकाया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आधा दर्जन से अधिक आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं।
मकान का प्लॉट खरीदने के बहाने बुना जाल
पल्लू थाना प्रभारी सुरेश कुमार मील के अनुसार, क्षेत्र के निवासी पीड़ित प्रेमकुमार (43) ने शिकायत दर्ज कराई है। प्रेमकुमार किसान होने के साथ-साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का भी काम करते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, दिसंबर के अंत में उनके पास एक महिला का फोन आया, जिसने मकान बनाने के लिए प्लॉट खरीदने की इच्छा जताई। महिला ने दावा किया कि वह प्रेमकुमार से पहले मिल चुकी है। 1 जनवरी को महिला ने प्रेमकुमार को पल्लू के पास एक किराए के मकान में मिलने बुलाया।
नाबालिग के साथ अश्लील हरकत और ब्लैकमेलिंग
प्रेमकुमार जब वहां पहुंचे, तो वहां एक महिला और एक नाबालिग लड़की मौजूद थी। बातचीत के दौरान अचानक लड़की ने प्रेमकुमार के साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं और शादी करने का दबाव बनाने लगी। इसी बीच कुछ और लोग वहां आ गए और प्रेमकुमार को धमकाने लगे। किसी तरह वह वहां से बचकर निकले।
पल्लू थाने के बाहर हुई 'डील', 6.50 लाख में तय हुआ सौदा
3 जनवरी को प्रेमकुमार को सूचना मिली कि उनके खिलाफ नाबालिग से दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने की तैयारी चल रही है। डरे हुए प्रेमकुमार ने गिरोह के सदस्यों से संपर्क किया। आरोपी उन्हें पल्लू थाने के पास ही मिले और सौदेबाजी शुरू कर दी। पहले 20 लाख रुपये की मांग की गई, जो बाद में 6.50 लाख रुपये पर तय हुई। प्रेमकुमार ने बताया कि समाज में बदनामी के डर से उन्होंने यह रकम दे दी। रकम मिलते ही आरोपियों ने कथित तौर पर राजीनामे की अर्जी देकर शिकायत वापस ले ली।
आरोपियों के नामजद, पुलिस की दबिश जारी
पुलिस ने प्रेमकुमार की रिपोर्ट पर लक्ष्मीनारायण जांगू, लीलूराम जांगू, परमजीतकौर, शांताबाई, सोमा और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हनी ट्रैप गिरोह के बारे में अहम जानकारी मिली है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी मील के नेतृत्व में पुलिस टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
