उदयपुर में एक 10वीं पास व्यक्ति मरीजों का इलाज कर झोलाछाप डॉक्टर बनकर क्लिनिक चला रहा था। झोलाछाप डॉक्टर संतु कुमार ने सायरा के परदाडा स्थित मादडी छापर में चांदसी क्लिनिक खोल रखा था। गोगुंदा BCMO डॉ. दिनेश मीणा ने आज क्लिनिक पर छापा मारा और भांडाफोड़ किया।
जांच में पता चला कि संतु कुमार के पास कोई मेडिकल डिग्री नहीं थी। वह खुद बता बैठा कि उसने केवल 10वीं पास की है। इस पर BCMO डॉ. मीणा और टीम चौक गए। क्लिनिक को सीज कर दिया गया और सायरा थाने में झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
छापे के दौरान मरीज क्लिनिक से भाग गए और दवाइयां जब्त कर ली गईं। कार्रवाई की भनक लगते ही आस-पास अन्य झोलाछाप डॉक्टर भी अपने क्लिनिक बंद कर फरार हो गए। सायरा बस स्टैंड पर कृष्ण होमियो क्लिनिक समेत तीन अन्य अवैध क्लिनिकों को भी चेतावनी दी गई।
इसके बाद BCMO टीम रावछ गांव पहुंची, जहां दो अवैध क्लिनिक संचालक क्लिनिक बंद कर भाग गए। उनके क्लिनिक सीज कर दिए गए।