उदयपुर में ठाकुरजी 1008 गोर्वधननाथ जी का 249वां पाटोत्सव आज, दिनभर होंगे धार्मिक कार्यक्रम
उदयपुर। समस्त पंच माली भोई पंचायत, बिचली गवाड़ी छोटा भोईवाड़ा उदयपुर के तत्वावधान में गुरुवार को ठाकुरजी 1008 गोर्वधननाथ जी का 249वां पाटोत्सव श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर दिनभर विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 6:15 बजे मधुर वेला में होगी। पंडित जी आर.आर. आमेटा के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ठाकुरजी का जल एवं पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात ठाकुरजी को नवीन वस्त्र, आभूषण एवं पुष्पमालाओं से भव्य श्रृंगार अर्पित किया जाएगा।
समाज के श्रद्धालुजन इस अवसर पर ठाकुरजी की विधिवत पूजा-अर्चना करेंगे तथा यज्ञ में आहुतियां प्रदान कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना करेंगे। प्रातः 6:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।
दोपहर में समाज की महिला मंडली द्वारा भक्ति रस से सराबोर भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए जाएंगे। सायंकाल 5:30 बजे ठाकुरजी को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे।
रात्रि 7:00 बजे से प्रशांत माली एवं उनकी टीम द्वारा ठाकुरजी के भजनों तथा फाल्गुन गीतों की संगीतमय प्रस्तुति दी जाएगी। रात्रि 8:30 बजे मंगल आरती के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। इसके उपरांत उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा।
आयोजन समिति ने समाजबंधुओं एवं श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर पाटोत्सव को सफल बनाने का आह्वान किया है।
