दर्दनाक हादसा, ट्रक ने दो दोस्तों को कुचला, एक की मौत

Update: 2026-02-05 06:31 GMT

अलवर। अलवर-बहरोड़ रोड पर बुधवार रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो दोस्तों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को पहले अलवर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर रेफर किया गया।

यह हादसा ततारपुर थाना क्षेत्र में जिंदोली पेट्रोल पंप के पास हुआ। जानकारी के अनुसार जिंदोली गांव निवासी सुमित स्वामी अपने दोस्त कृष्ण मेघवाल के साथ बाइक पर ततारपुर चौराहे से अपने गांव जिंदोली लौट रहा था। इसी दौरान बेरोज गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप के नजदीक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कृष्ण मेघवाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि सुमित स्वामी गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को तुरंत अलवर जिला अस्पताल पहुंचाया। सुमित की हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे जयपुर रेफर कर दिया।

मृतक कृष्ण मेघवाल की तीन साल पहले शादी हुई थी और उसका एक साल का बेटा है। वह ततारपुर चौराहे पर दही-बल्ले बेचने का काम करता था। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

Tags:    

Similar News