बालोतरा: टच हुई बाइक तो भड़का गुस्सा, 6 KM पीछा कर पत्थर से ट्रक ड्राइवर की हत्या, साथी खलासी ने मांगी मदद

Update: 2026-03-18 17:57 GMT


बालोतरा/धोरीमन्ना। बालोतरा जिले के धोरीमन्ना थाना क्षेत्र में गुड़ामालानी रोड पर खरड़ गांव के पास दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। तेज रफ्तार ट्रक के मोड़ पर एक बाइक से टच हो जाने के बाद उपजे विवाद ने भयानक रूप ले लिया। बाइक सवार दो युवकों ने गुस्से में करीब 6 किलोमीटर तक ट्रक का पीछा किया और फिर सुनसान जगह पर पत्थर मारकर ड्राइवर की हत्या कर दी।

मोड़ पर टच होने से शुरू हुआ विवाद

घटना आज रात करीब 8 बजे की है। जानकारी के अनुसार, ईसरोल निवासी 40 वर्षीय ट्रक ड्राइवर विशनाराम बाड़मेर से अपनी गाड़ी खाली कर गुड़ामालानी स्थित अपने ससुराल लोहरवा की तरफ जा रहा था। नेशनल हाईवे 68 से गुड़ामालानी रोड की तरफ मुड़ते समय घुमाव पर उसकी ट्रक एक बाइक से हल्की सी टच हो गई। इस हादसे में बाइक पर सवार दोनों युवकों को कोई चोट नहीं आई, लेकिन वे आगबबूला हो गए और ट्रक ड्राइवर विशनाराम से उलझ पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने उस वक्त हस्तक्षेप कर मामला शांत करवा दिया।

सुनसान जगह पर 6 KM तक पीछा कर हमला, ड्राइवर की मौत

विवाद शांत होने के बाद विशनाराम अपनी ससुराल के लिए आगे बढ़ गया। लेकिन गुस्साए बाइक सवार दोनों युवक शांत नहीं बैठे और अपनी बाइक से करीब 6 किलोमीटर तक ट्रक का पीछा करते रहे। खरड़ गांव के पास एक सुनसान जगह पाकर उन्होंने सड़क किनारे से एक बड़ा पत्थर उठाया और ट्रक के सामने से कांच पर दे मारा। पत्थर ट्रक का कांच तोड़ते हुए सीधे विशनाराम की गर्दन पर लगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी बाइक सवार फरार हो गए।

खलासी ने राहगीरों से मांगी मदद, पुलिस ने शुरू की तलाश

ट्रक में सवार साथी खलासी इस हमले से बुरी तरह घबरा गया। उसने सड़क पर गुजर रहे लोगों को रोककर मदद की गुहार लगाई। सूचना पर धोरीमन्ना थानाधिकारी दीपसिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतक के परिजन मौके पर इकट्ठे हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। फिलहाल मौके पर एएसपी नितेश आर्य, डीएसपी सुखराम विश्नोई समेत पुलिस जाब्ता तैनात है और स्थिति को देखते हुए परिजनों से समझाइश की जा रही है। धोरीमन्ना पुलिस ने हमलावर बाइक सवार युवकों की तलाश तेज कर दी है।

Similar News