खाटूश्याम मंदिर में 19 घंटे बंद रहेंगे दर्शन, शाम 5 बजे बाद खुलेंगे पट
सीकर। जिले के प्रख्यात खाटूश्यामजी मंदिर में 20 मार्च (शुक्रवार) को विशेष सेवा-पूजा और तिलक-श्रृंगार के आयोजन के चलते श्रद्धालुओं के लिए दर्शन 19 घंटे तक बंद रहेंगे।
श्रीश्याम मंदिर कमेटी द्वारा जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार 19 मार्च को रात 10 बजे से लेकर 20 मार्च की शाम 5 बजे तक मंदिर के पट बंद रहेंगे। इस दौरान बाबा श्याम की विशेष पूजा-अर्चना और आकर्षक तिलक-श्रृंगार किया जाएगा।
कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि विशेष अनुष्ठानों के तहत बाबा की सेवा-पूजा विधिवत रूप से संपन्न होगी। इस अवधि में श्रद्धालुओं को दर्शन की अनुमति नहीं होगी।
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे दर्शन के लिए निर्धारित समय का पालन करें, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। बाबा श्याम के दर्शन 20 मार्च को शाम 5 बजे के बाद पुनः शुरू हो जाएंगे।