निंबाहेड़ा। राजस्थान सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की ओर से ओमवती शर्मा जनसेवा ट्रस्ट सभागार में तीन दिवसीय एमएसएमई एंटरप्रेन्योर शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नगर और आसपास क्षेत्र से कुल 30 प्रतिभागियों ने भाग लिया। आयोजन को लेकर प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखा गया।
शिविर संयोजक एस एस अग्रवाल एवं पूर्व पार्षद रेखारानी तिवारी ने बताया कि प्रशिक्षण सत्रों में उदयपुर से आए विशेषज्ञ डॉ राकेश पारीक ने एमएसएमई क्षमता निर्माण, स्वरोजगार के आधुनिक तरीकों तथा व्यवसाय को बेहतर रूप देने की कार्य योजना पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों से जुड़ी योजनाओं, सरकारी ऋण सुविधाओं और व्यापार विस्तार के अवसरों पर भी मार्गदर्शन किया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को अपने उद्योग को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया और समापन अवसर पर सभी उपस्थित प्रतिभागियों को संबंधित विभाग की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद रेखारानी तिवारी एवं समाजसेवी श्यामसुंदर अग्रवाल ने प्रशिक्षक डॉ राकेश पारीक को उपरना ओढ़ाकर और सांवलिया सेठ की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया तथा शिविर के सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन नरेश मेनारिया ने किया।