चित्तौड़गढ़ । आगामी 28 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित अजमेर यात्रा को अभूतपूर्व बनाने के संकल्प के साथ भारतीय जनता पार्टी चित्तौड़गढ़ जिला कार्यालय में एक महत्वपूर्ण रणनीति बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद सी.पी. जोशी उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रतन लाल गाडरी ने की।
हर कार्यकर्ता की भूमिका निर्णायक: सांसद जोशी
रणनीति बैठक को संबोधित करते हुए सांसद सी.पी. जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अजमेर दौरा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनआस्था, विकास और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प का उत्सव है। उन्होंने दावा किया कि लाखों की संख्या में जनता प्रधानमंत्री के प्रेरक संबोधन को सुनने अजमेर पहुंचेगी। जोशी ने आह्वान किया कि चित्तौड़गढ़ जिला इस ऐतिहासिक सभा में प्रदेश में सबसे अधिक सहभागिता दर्ज कराकर मिसाल कायम करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक अनुशासन और पूरी ऊर्जा के साथ तैयारियों में जुटने की अपील की।
बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने पर जोर
जिलाध्यक्ष रतन लाल गाडरी ने जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों से अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा। उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत को जनसमर्थन में बदलना ही भाजपा की पहचान है। बैठक में बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने, कार्यकर्ता समन्वय और प्रभावी जनसंपर्क पर चर्चा की गई। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मनोज पारिक ने बताया कि बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष मिट्ठूलाल जाट, जिला महामंत्री हर्षवर्धन सिंह, विधानसभा प्रभारी देवी सिंह राणावत और कमलेंद्र सिंह हाड़ा मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री कैलाश मंत्री ने किया।