चंदेरिया में 120 युवाओं का भव्य दीक्षांत समारोह संपन्न, कौशल विकास से उद्यमिता की ओर बढ़ते कदम
भीलवाड़ा/चंदेरिया। स्थानीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड और टाटा स्ट्राइव की संयुक्त पहल 'जिंक कौशल केंद्र' मील का पत्थर साबित हो रही है। चंदेरिया स्थित केंद्र पर हाल ही में प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले 120 युवाओं के लिए एक भव्य दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सफल प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
उद्योग जगत की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के महाप्रबंधक राहुल देव सिंह एवं चंदेरिया स्मेल्टिंग कॉम्प्लेक्स के हेड इंजीनियरिंग अनृत मुखर्जी ने दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया। अतिथियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में केवल डिग्री नहीं, बल्कि कौशल (Skill) ही सफलता की कुंजी है। अनृत मुखर्जी ने केंद्र में भविष्य में उद्यमिता विकास कार्यक्रमों के विस्तार और नए तकनीकी पाठ्यक्रमों को जोड़ने की बात कही।
वर्ष 2025-26 की उपलब्धियां
जिंक कौशल केंद्र चंदेरिया में इस सत्र के दौरान कुल 302 युवाओं ने विभिन्न ट्रेडों जैसे बिजनेस डेवलपमेंट एग्जीक्यूटिव, फ्रंट ऑफिस एसोसिएट (होटल मैनेजमेंट), असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन और सोलर पीवी ड्राइंगर में प्रशिक्षण प्राप्त किया है। वर्तमान में भी 67 युवा यहाँ हुनर सीख रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल और साक्षात्कार की तैयारी पर विशेष जोर दिया जाता है ताकि युवा सीधे रोजगार के योग्य बन सकें।
सफलता की कहानियों ने भरा उत्साह
समारोह में 9 पूर्व छात्रों ने अपनी सफलता की कहानियाँ साझा कीं, जिसे सुनकर वहां मौजूद अभिभावक और प्रशिक्षु भावुक और प्रेरित नजर आए। इस अवसर पर हिंदुस्तान जिंक से सुंदर राज नायडू, अभय गौतम, जी. मल्लेशम, मनीषा भाटी, राधिका खिरिया सहित टाटा स्ट्राइव की सीएसआर टीम के प्रदीप लिंगवत, राजदीप साहा और अन्य सदस्य उपस्थित रहे। प्रिंटिंग पार्टनर 'उभर' के प्रतिनिधियों ने भी प्रशिक्षण की गुणवत्ता की सराहना की।