पेंशनर समाज निम्बाहेड़ा का वार्षिक अधिवेशन सम्पन्न, भामाशाहों का किया सम्मान

Update: 2026-02-23 14:50 GMT

 

निम्बाहेड़ा। पेंशनर समाज निंबाहेड़ा का वार्षिक अधिवेशन पूर्व विधायक अशोक नवलखा के मुख्य आतिथ्य एवं पेंशनर समाज के प्रदेश अध्यक्ष शंकर सिंह मनोहर की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। अधिवेशन में पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी, भाजपा नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, पेंशनर समाज प्रदेश उपाध्यक्ष गोपाल सिंह, प्रतापगढ़ जिला अध्यक्ष मगनीराम सुथार, चित्तौड़गढ़ जिला अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण दशोरा तथा पूर्व डिप्टी ओमप्रकाश उपाध्याय विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहे।

नगर की आदर्श कॉलोनी स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। तत्पश्चात पेंशनर समाज की स्थानीय शाखा के सदस्यों द्वारा अतिथियों का उपरना एवं शॉल ओढ़ाकर तथा मेवाड़ी परंपरा अनुसार पगड़ी धारण करवा कर स्वागत किया गया। स्वागत उद्बोधन देते हुए मानमल शर्मा ने पेंशनर्स के लिए राजस्थान सरकार की स्वास्थ्य बीमा योजना में आ रही परेशानियों से अवगत कराया तथा अतिथियों से इसके निराकरण के लिए आग्रह किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के तौर पर अपने उद्बोधन में पूर्व विधायक अशोक नवलखा ने कहा कि हमारे पेंशनर्स समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने अपने जीवन के स्वर्णिम वर्ष राष्ट्र और प्रदेश की सेवा में समर्पित किए हैं। सेवा निवृत्ति के पश्चात भी उनका अनुभव, मार्गदर्शन और सामाजिक सहभागिता समाज को निरंतर दिशा प्रदान कर रही है।

उन्होंने वरिष्ठजनों की समस्याओं—विशेषकर पेंशन, चिकित्सा सुविधा एवं सामाजिक सुरक्षा—के समाधान हेतु निरंतर संवाद और सकारात्मक पहल को आवश्यक बताया तथा कहा कि संगठन की एकता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। समाज निर्माण में पेंशनर्स का योगदान अतुलनीय एवं प्रेरणादायी है।

पूर्व यूडीएच मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्रीचंद कृपलानी की ओर से उन्होंने आश्वस्त किया कि पेंशनर्स के अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे तथा उनकी समस्याओं के समाधान हेतु हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष चतुर्वेदी ने कहा कि पेंशनर्स के अधिकारों की रक्षा, उनके सम्मान एवं समस्याओं के समाधान के लिए वे सभी सदैव प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि पेंशनर्स समाज ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय राष्ट्र और समाज की सेवा में समर्पित किया है, इसलिए उनके अधिकारों की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करना हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है। पेंशन संबंधी विसंगतियों, चिकित्सा सुविधाओं, देयकों के भुगतान तथा अन्य प्रशासनिक समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभागों से निरंतर संवाद किया जाएगा। किसी भी पेंशनर को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े, इसके लिए प्रभावी एवं समयबद्ध कार्यवाही का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर अतिथियों द्वारा पेंशनर भामाशाहों, समाजसेवियों, चिकित्सा कर्मियों एवं मीडिया कर्मियों का सम्मान किया गया। अधिवेशन में पेंशनर समाज की उप शाखाओं के कार्यकारिणी सदस्यों का भी स्थानीय पेंशनर समाज द्वारा उपरना एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया।

अधिवेशन को पेंशनर समाज प्रदेश अध्यक्ष शंकर सिंह मनोहर एवं उपाध्यक्ष गोपाल सिंह ने भी संबोधित किया। संस्था की ओर से आभार वरिष्ठ उपाध्यक्ष यशवंत कदम ने व्यक्त किया। अंत में राष्ट्रगीत का गायन तथा पेंशनर समाज के दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Similar News