छोटीसादड़ी क्षेत्र में जल आपूर्ति सुदृढ़ करने को 40.38 लाख की स्वीकृति
निंबाहेड़ा। पूर्व यूडीएच मंत्री एवं निंबाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी की अनुशंसा पर राजस्थान राज्य के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा छोटीसादड़ी ब्लॉक में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु 40.38 लाख रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। इस स्वीकृति के अंतर्गत तीन-फेज ट्यूबवेल का निर्माण एवं स्थापना (कमीशनिंग), पंपसेट सहित तथा स्रोत संवर्धन के लिए राइजिंग मेन पाइपलाइन का निर्माण किया जाएगा।
इस योजना के तहत शहरी जल आपूर्ति एवं स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक कार्य किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। आधुनिक तकनीक से ट्यूबवेल स्थापित कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी, वहीं पाइपलाइन निर्माण से जल स्रोतों को सुदृढ़ किया जाएगा।
विधायक श्रीचंद कृपलानी ने कहा कि क्षेत्रवासियों को शुद्ध एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने बताया कि छोटीसादड़ी क्षेत्र में पानी की समस्या को देखते हुए लगातार प्रयास किए जा रहे थे, जिसके परिणामस्वरूप यह स्वीकृति प्राप्त हुई है।
उन्होंने राजस्थान राज्य के यशस्वी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा जनहित में लिए जा रहे निर्णयों से आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है। विधायक कृपलानी ने कहा कि इस योजना के क्रियान्वयन से आमजन को बड़ी राहत मिलेगी और क्षेत्र में जल संकट की समस्या काफी हद तक समाप्त होगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कार्य को समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि योजना का लाभ शीघ्र ही आमजन तक पहुंच सके। स्थानीय लोगों ने इस स्वीकृति पर खुशी जताते हुए विधायक कृपलानी का आभार व्यक्त किया है।
