कैम्पस प्लेसमेंट शिविर में 230 युवाओं को रोजगार के प्रारंभिक अवसर

By :  vijay
Update: 2026-03-18 12:21 GMT

चित्तौड़गढ़,  । जिला प्रशासन, जिला रोजगार कार्यालय चित्तौड़गढ़ एवं यदुपति सिंघानिया इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, निम्बाहेड़ा के संयुक्त तत्वावधान में राजस्थान युवा शक्ति दिवस एवं विभागीय लक्ष्य के अंतर्गत बुधवार को जे.के. आईटीआई, निम्बाहेड़ा में कैम्पस प्लेसमेंट शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर का शुभारंभ जिला रोजगार कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारी राजेन्द्र उपाध्याय एवं जे.के. आईटीआई, निम्बाहेड़ा के प्रधानाचार्य किशन जोशी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर राजेन्द्र उपाध्याय ने बताया कि राज्य सरकार की प्राथमिकता अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है। शिविर में विभिन्न क्षेत्रों की कुल 12 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया, जिनमें आईपीई ग्लोबल, जयपुर सहित अन्य कंपनियां शामिल रहीं।

जिला रोजगार कार्यालय के संतोष कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में लगभग 325 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 217 बेरोजगार युवाओं को विभिन्न पदों पर रोजगार के प्रारंभिक अवसर प्रदान किए गए, जबकि 13 युवाओं का चयन प्रशिक्षण हेतु किया गया। इस प्रकार कुल 230 अभ्यर्थियों ने शिविर का लाभ उठाया।

कार्यक्रम में जिला रोजगार कार्यालय के वरिष्ठ सहायक पीयूष गांधी, आरएसएलडीसी के जिला समन्वयक हरिशंकर शर्मा, कार्यालय सहायक राकेश दाधीच एवं जे.के. आईटीआई, निंबाहेड़ा के स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा।

Similar News