ग्राम पंचायत सावा में अधूरे विकास कार्य शुरू कराने की मांग, ग्रामीणों ने पूर्व राज्यमंत्री जाड़ावत के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन

Update: 2026-02-09 12:39 GMT


चित्तौड़गढ़ जिले की ग्राम पंचायत सावा में लंबे समय से अधूरे पड़े विकास कार्यों को फिर से शुरू कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्रसिंह जाड़ावत के नेतृत्व में जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ग्राम पंचायत सावा के बैनर तले बड़ी संख्या में ग्रामीण इस दौरान मौजूद रहे।

प्रवक्ता नवरतन जीनगर ने बताया कि ज्ञापन में पूर्ववर्ती अशोक गहलोत सरकार के दौरान स्वीकृत कराए गए उन कार्यों का उल्लेख किया गया, जो विभिन्न कारणों से अब तक पूरे नहीं हो पाए हैं। इन अधूरे कार्यों के चलते गांव के लोगों को रोजमर्रा की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने मांग रखी कि उपतहसील सावा में कर्मचारियों के पद स्वीकृत होने के बावजूद अब तक काम शुरू नहीं हुआ है, जिसे शीघ्र प्रारंभ कराया जाए। वहीं आईटीआई सावा की इमारत बनकर तैयार होने के बाद भी संबंधित विभाग को हैंडओवर नहीं की गई है, जिसके कारण विद्यार्थियों को चित्तौड़गढ़ की राजकीय आईटीआई में पढ़ाई करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने आग्रह किया कि भवन तुरंत विभाग को सौंपकर कक्षाएं सावा में शुरू कराई जाएं।

ज्ञापन में सावा से मीणों का कंथारिया तक प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य को फिर से चालू कराने की भी मांग की गई, जो बीच में ही रोक दिया गया था। इसके साथ ही अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने पर भी जोर दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि इन कार्यों के अधूरे रहने से विकास बाधित हो रहा है और आमजन को सरकारी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष विक्रम जाट, सरपंच कन्हैया लाल मेघवाल, एससी विभाग जिला अध्यक्ष राकेश गारू, रघुवीर सिंह, किशन जोशी, अकरम हुसैन, अवदेश नवाल, कालु लाल मेघवाल, मोहन पूर्बिया, अमजद शेख, श्याम लाल सुखवाल, निजाम शेख, मंजूर शेख, अक्कल शेर, गुड्ड खान, रामचंद्र मीणा, दीपक जोशी, हीरालाल पूर्बिया, पप्पू पूर्बिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Similar News