विधायक कृपलानी ने नवगठित ग्राम पंचायतों का किया शुभारंभ, धोलापानी जीएसएस का लोकार्पण

Update: 2026-02-08 13:51 GMT

 

निंबाहेड़ा/छोटीसादड़ी।

निंबाहेड़ा–छोटीसादड़ी विधानसभा क्षेत्र के पश्चिम मंडल अंतर्गत ग्राम पंचायत धोलापानी में जीएसएस (ग्रिड सब स्टेशन) के लोकार्पण एवं ग्राम उत्थान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी मुख्य अतिथि तथा भाजपा जिला अध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विधायक श्रीचंद कृपलानी ने छोटीसादड़ी प्रवास के दौरान नवसृजित ग्राम पंचायत नावनखेड़ी एवं हमेरपुरा उर्फ दूधीतलाई का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कृपलानी ने कहा कि ग्राम पंचायतें लोकतंत्र की सबसे मजबूत इकाई हैं। गांवों का समग्र विकास ही प्रदेश और देश की प्रगति की नींव है। ग्राम उत्थान शिविरों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है, ताकि पात्र व्यक्ति योजनाओं का पूरा लाभ उठा सके। उन्होंने कहा कि धोलापानी जीएसएस के लोकार्पण से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति सुदृढ़ होगी, जिससे किसानों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को राहत मिलेगी।

दिव्यांगजनों को वितरित की ट्राई-साइकिल

कार्यक्रम के दौरान सेवा ही संकल्प के भाव के साथ दिव्यांगजनों को ट्राई-साइकिल वितरित की गईं। विधायक कृपलानी ने कहा कि दिव्यांगजन आत्मनिर्भर बनें, इसके लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। उनके जीवन को सुगम बनाना हम सभी का दायित्व है।

कार्यक्रम में पूर्व जिला परिषद सदस्य मिठूलाल जनवा, नाथूलाल मीणा, जिला उपाध्यक्ष वर्दीचंद धाकड़, मंडल अध्यक्ष लोकेश धाकड़, पूर्वी मंडल अध्यक्ष विक्रम कुमावत, पूर्व जिला परिषद सदस्य दलपत मीणा, निंबाहेड़ा नगर महामंत्री देवकरण समदानी, भाजयुमो अध्यक्ष गोपाल टांक उपस्थित रहे।

प्रशासनिक अधिकारियों में उपखंड अधिकारी यतींद्र पोरवाल, छोटीसादड़ी पंचायत समिति विकास अधिकारी दिनेश मेघवाल, पुलिस उप अधीक्षक रामेश्वर लाल, मंडी सचिव हितेंद्र प्रताप सिंह की उपस्थिति रही।

Similar News