विश्व साक्षरता दिवस पर स्कूलों में शैक्षणिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित

Update: 2025-09-08 12:38 GMT

चित्तौडगढ  युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की जिला इकाई मेरा युवा भारत (माय भारत) तथा मेरा युवा भारत द्वारा विश्व साक्षरता दिवस के अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय किशन करेरी, पिराना एवं चिकारड़ा में विविध शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम डूंगला युथ क्लब मदर टेरेसा महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती श्वेता सामर के सानिध्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में साक्षरता के महत्व को उजागर करना और डिजिटल युग में आवश्यक कौशलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

इस अवसर पर निबंध, प्रश्नोत्तरी एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता और ज्ञान प्रदर्शित करने का अवसर मिला। कार्यवाहक प्रधानाचार्य श्री बाबूलाल बैरवा ने बताया कि डिजिटल युग में साक्षरता को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है। अब साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसमें डिजिटल सामग्री को समझना, उसका सही मूल्यांकन करना और सुरक्षित रूप से उसमें सहभागिता करना भी शामिल है।

पिराना विद्यालय के प्रधानाचार्य  प्रभु दयाल  ने कहा कि आधुनिक समय में साक्षरता और डिजिटल साक्षरता को साथ लेकर चलना विकास की कुंजी है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि डिजिटल डिवाइड को पाटने के प्रयास किए जाने चाहिए, ताकि समाज का प्रत्येक वर्ग डिजिटल दुनिया के लाभ उठा सके। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच डिजिटल खाई को खत्म नहीं किया जाएगा, तब तक समावेशी विकास की परिकल्पना अधूरी रहेगी।

प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को मोमेंटो एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। किशन करेरी से निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान दीया कुंवर एवं द्वितीय स्थान तुलसी सुथार ने प्राप्त किया, वहीं चिकारड़ा से पीहू गाड़री ने प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने गर्व व्यक्त किया।

कार्यक्रम का समापन साक्षरता शपथ के साथ किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अतिथियों ने डिजिटल साक्षरता और शिक्षा के प्रसार में योगदान देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय के स्टाफ सदस्य प्रभारी बाबूलाल गढ़वाल, पिराना से बंसीलाल जी एवं समस्त स्टाफ, वहीं चिकारड़ा से खुशबू नंदावत, प्रेमचंद जाट, अनिल कुमार सहित सभी शिक्षकों एवं स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति रही।

यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी साबित हुआ, जिसने न केवल साक्षरता के महत्व को रेखांकित किया, बल्कि डिजिटल युग में शिक्षा की बदलती भूमिका को भी स्पष्ट किया।

Similar News