चित्तौड़गढ़। शहर के गांधीनगर क्षेत्र में गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक निजी वैन में अचानक आग लग गई। वैन में दो छोटे बच्चे भी सवार थे जो इस घटना में झुलस गए। आग इतनी तेजी से फैली कि वैन पूरी तरह जलकर खाक हो गई। वैन में लगी गैस किट से रिसाव के चलते बाद में जोरदार विस्फोट भी हुआ, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए।
कोतवाली थाना के एएसआई जितेंद्र सिंह ने बताया कि मरमी निवासी काशीराम तेली गुरुवार को चित्तौड़गढ़ शहर में रहने वाली अपनी बेटी के घर आए थे। वहां से वह अपनी बेटी के दो बच्चों को लेकर गांधीनगर स्थित एक रिश्तेदार के घर गए थे। लौटते समय वैन में यह हादसा हुआ।
जैसे ही वैन गांधीनगर इलाके में पावर हाउस के सामने पहुंची, उसमें से अचानक धुआं निकलने लगा। काशीराम ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत वैन को रोका और दोनों बच्चों को बाहर निकाला। हालांकि तब तक बच्चे हल्के झुलस चुके थे। कुछ ही क्षणों में वैन में आग भड़क गई और वह जलने लगी।
बताया गया कि वैन में लगी गैस किट से गैस का रिसाव हो रहा था, जिससे आग और तेज हो गई। आग पर काबू पाने से पहले ही वैन में जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी और मौके पर मौजूद लोग घबरा कर दूर हट गए। गैस किट के कारण कोई भी पास जाने की हिम्मत नहीं कर सका। हादसे की सूचना पर कोतवाली थाना से एएसआई सुरेंद्र सिंह और एएसआई जितेंद्र सिंह जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड को भी तत्काल बुलाया गया। दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
झुलसे बच्चों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भय और चिंता का माहौल है।
