माय भारत युवा मंडल विकास अभियान: घोसुंडा में युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का अनूठा प्रयास
चित्तौड़गढ़, |युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की स्वायत्त शासी संस्था मेरा युवा भारत केंद्र, चित्तौड़गढ़ द्वारा “माय भारत युवा मंडल विकास अभियान” के अंतर्गत ग्राम घोसुंडा में एक सशक्त एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को संगठित कर उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना तथा युवा मंडलों को सक्रिय बनाना रहा। कार्यक्रम की जानकारी एवं रूपरेखा माय भारत केंद्र प्रतिनिधि भरत बारेठ द्वारा प्रस्तुत की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभअतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। प्रारंभिक सत्र में युवाओं का पंजीयन एवं परिचय आयोजित किया गया, जिसके पश्चात माय भारत अभियान की रूपरेखा, उद्देश्य एवं वार्षिक गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान उपस्थित युवा मंडल सदस्यों एवं युवाओं का माय भारत पोर्टल पर पंजीयन करवाया गया तथा अधिकाधिक युवाओं को इस मंच से जुड़ने हेतु प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शारीरिक शिक्षक श्री शंकर लाल खोईवाल एवं विशिष्ट अतिथि श्री सुरेश चंद्र खोईवाल उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में युवाओं को सामाजिक, शैक्षणिक, खेलकूद एवं राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया तथा युवा मंडलों को सशक्त भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को टीम वर्क, नेतृत्व विकास एवं सामुदायिक सहभागिता के महत्व पर भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही युवा मंडलों को आगामी गतिविधियों के लिए प्रेरित करते हुए उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने हेतु प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन एवं संयोजन रजत खटीक द्वारा किया गया।कार्यक्रम में युवा मंडल अध्यक्ष रामेश्वर मीणा, उत्पल कुमावत एवं पूनम कुमावत सहित अनेक युवा साथी उपस्थित रहे। अन्य प्रतिभागियों में पंकज खोईवाल, दुष्यन्त खटीक, रवि खोईवाल, निखिल खोईवाल, नितिन, बबलू एवं पीयूष सहित कई युवाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
समापन अवसर पर अतिथियों का उपरना एवं सम्मान चिन्ह प्रदान कर अभिनंदन किया गया तथा सभी प्रतिभागियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई।
यह कार्यक्रम ग्रामीण युवाओं में जागरूकता, सहभागिता एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।
