चित्तौड़गढ़/रावतभाटा। उपखंड के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र भैसरोडगढ़ पंचायत समिति के ग्राम मंडेसरा में जिला कलक्टर आलोक रंजन के निर्देश पर अतिरिक्त जिला कलक्टर विनोद कुमार मल्होत्रा द्वारा रात्रि चौपाल आयोजित कर जनसुनवाई की गई। चौपाल में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली तथा धारा 20 से जुड़े मामलों सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए।
रात्रि चौपाल में बस्सी, लुहारिया, मंडेसरा और राजपुरा ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी जन समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में सड़कों की खराब स्थिति, पेयजल की समस्या तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के अभाव के मुद्दे प्रमुखता से उठाते हुए इनके शीघ्र समाधान की मांग की।
ग्रामीणों ने मंडेसरा की मुख्य पुलिया की ऊंचाई बढ़ाने की मांग भी रखी, ताकि बरसात के मौसम में आवागमन बाधित न हो। इसके अलावा धोवनियाखाल पर पुलिया निर्माण तथा खालगांव के प्रवेश मार्गों पर पक्की सड़क निर्माण की मांग भी ग्रामीणों ने की, जिससे क्षेत्र में आवागमन सुगम हो सके।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर विनोद कुमार मल्होत्रा ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
रात्रि चौपाल में उपखंड अधिकारी डॉ. कृति व्यास, तहसीलदार विवेक गरासिया, विकास अधिकारी ग्यारसी लाल मीणा, एसीएफ शोभाराम गुर्जर, सहायक अभियंता देवेंद्र नागर, पवन शर्मा, अरविंद मौर्य, बीसीएमओ डॉ. अनिल जाटव, महेंद्र सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
