28 मार्च को कुम्भा नगर वार्ड 13 में चलेगा “म्हारो पावन चित्तौड़गढ़” अभियान

Update: 2026-03-27 11:38 GMT

चित्तौड़गढ़। जिला कलेक्टर के निर्देशनुसार नगर परिषद चित्तौड़गढ़ द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से संचालित “म्हारो पावन चित्तौड़गढ़” अभियान के तहत 28 मार्च को कुम्भा नगर स्थित वार्ड संख्या 13 में विशेष अभियान चलाया जाएगा।

इस अभियान के अंतर्गत वार्ड क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। जमा कचरा, मलबा एवं गंदगी को हटाया जाएगा, नालियों की सफाई करवाई जाएगी तथा सार्वजनिक स्थलों और मुख्य मार्गों सहित गलियों को व्यवस्थित किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र में फैली झाड़ियों को हटाने एवं पेड़ों की छंटाई का कार्य भी किया जाएगा, जिससे स्वच्छता के साथ-साथ सौंदर्यीकरण भी सुनिश्चित हो सके।

नगर परिषद द्वारा वार्ड के विभिन्न स्थानों पर खराब पड़ी रोड लाइटों को दुरुस्त करने का कार्य भी किया जाएगा, ताकि रात्रि के समय आमजन को बेहतर सुविधा मिल सके। इसके अतिरिक्त दीवारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगे अनावश्यक पोस्टर-बैनर हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ एवं आकर्षक बनाया जाएगा।

अभियान के दौरान अतिक्रमण निरोधक टीम द्वारा अवैध अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी, जिससे आमजन के आवागमन में सुगमता आए और सार्वजनिक स्थान व्यवस्थित रह सकें।

इस विशेष अभियान में नगर परिषद की विभिन्न शाखाओं की टीमें मौके पर उपस्थित रहकर कार्यों की निगरानी करेंगी। साथ ही वार्डवासियों को स्वच्छता बनाए रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने एवं खुले में कचरा नहीं फेंकने के लिए जागरूक किया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से कपड़े के थैलों का वितरण भी किया जाएगा।

Tags:    

Similar News