मुख्यमंत्री विकसित शहरी वार्ड अभियान” की तैयारियां तेज, 15 मई तक होंगी चरणबद्ध वार्ड सभाएं
चित्तौड़गढ़, ।नगर परिषद चित्तौड़गढ़ द्वारा “मुख्यमंत्री विकसित शहरी वार्ड अभियान” के अंतर्गत शहर के सुनियोजित, समेकित, सतत एवं समग्र विकास के उद्देश्य से वार्ड मास्टर प्लान तैयार करने की दिशा में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार 20 मार्च 2026 को शहर के छह विभिन्न स्थानों पर वार्ड सभाओं का आयोजन कर आमजन को अभियान की रूपरेखा से अवगत कराया गया। अभियान के तहत प्रत्येक शहरी वार्ड में निरीक्षण दल गठित कर वार्ड की डायनामिक प्रोफाइल तैयार की जाएगी, जिसमें जनसंख्या, आर्थिक गतिविधियों, आधारभूत सुविधाओं तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी संकलित की जाएगी।
राज्य सरकार द्वारा प्रदत्त टूलकिट के माध्यम से स्थानीय वार्डवासियों एवं हितधारकों से संवाद कर उनकी अपेक्षाओं एवं आवश्यकताओं के अनुरूप विकास प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। इन प्रस्तावों में अल्पकालिक, मध्यकालिक एवं दीर्घकालिक योजनाओं को शामिल किया जाएगा, जिन्हें चरणबद्ध वार्ड सभाओं के माध्यम से अनुमोदित किया जाएगा।
आमजन से सुझाव प्राप्त करने के लिए प्रत्येक वार्ड में सुझाव पेटिकाएं स्थापित की जाएंगी, साथ ही ईमेल एवं व्हाट्सएप के माध्यम से भी सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे। चूंकि यह अभियान जनभागीदारी पर आधारित है, इसलिए सभी नागरिकों एवं हितधारकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर स्थानीय समस्याओं, आवश्यकताओं एवं विकास संबंधी सुझाव वार्ड स्तरीय दलों को उपलब्ध कराएं।
अभियान के प्रभावी संचालन, समन्वय एवं मॉनिटरिंग के लिए नगर परिषद स्तर पर एक समिति का गठन किया गया है। यह समिति वार्ड स्तरीय निरीक्षण दलों का गठन, वार्ड सभाओं का तिथिवार कार्यक्रम जारी करने, मार्गदर्शन प्रदान करने, डेटा संकलन एवं सत्यापन का कार्य करेगी तथा निर्धारित समयावधि में राज्य सरकार के निर्देशानुसार वार्ड मास्टर प्लान तैयार करवाना सुनिश्चित करेगी।
