50 हत्याएं, शव मगरमच्छों को खिलाने वाला डॉक्टर डेथ दौसा में संत के रूप में गिरफ्तार

Update: 2025-05-21 10:43 GMT

दौसा। जिसे लोग श्रद्धा से 'गुरुदेव' मान रहे थे, वह दरअसल मौत का सौदागर निकला। दिल्ली से लेकर हरियाणा और राजस्थान तक 50 से ज्यादा लोगों का कातिल, शातिर सीरियल किलर देवेंद्र शर्मा उर्फ डॉक्टर डेथ आखिरकार रामेश्वरधाम आश्रम, गुढा कटला से दिल्ली क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़ गया।

दिल्ली पुलिस की टीम रविवार को जब आश्रम में घुसी, तो वह मंच पर बैठा प्रवचन दे रहा था—शांति, भक्ति और धर्म की बातें कर रहा था। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह संत वेश में बैठा शख्स एक खूंखार हत्यारा है, जिसकी कहानी सुनकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं।

तिहाड़ से निकला और ‘संत’ बन गया

अगस्त 2023 में तिहाड़ जेल से पैरोल पर बाहर आया देवेंद्र शर्मा तब से फरार था। सजा भुगत रहा था—7 मामलों में उम्रकैद, एक केस में फांसी। लेकिन बाहर आते ही धर्म का चोला ओढ़ लिया।

गुढा कटला के रामेश्वरधाम आश्रम में पुजारी बनकर बस गया। प्रवचन देने लगा। श्रद्धालुओं की कतारें लगने लगीं। इलाके के गणमान्य लोग भी उसे पूज्य मान बैठे। लेकिन दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच उसकी चालें पढ़ रही थी। छह से ज्यादा टीमों ने महीनों की मेहनत से उसकी लोकेशन ट्रेस की और रविवार को आश्रम में उसे दबोच लिया।

Similar News