तेरहवीं के खर्च को लेकर धौलपुर में खूनी संघर्ष, लाठी-भाटा जंग और पथराव से मची भगदड़

Update: 2026-03-23 11:21 GMT

धौलपुर । राजस्थान के धौलपुर जिले के बाड़ी कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब सरकारी अस्पताल के मुख्य गेट के बाहर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। तेरहवीं के खर्चे के हिसाब को लेकर शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। दिनदहाड़े हुए इस पथराव और लाठी-भाटा जंग के कारण बाजार में भगदड़ मच गई। घटना के दो वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं।

विवाद की जड़: ₹20 हजार और अतिरिक्त मांग

बाड़ी सरकारी अस्पताल में कार्यरत सफाई कर्मचारी रामेश्वर वाल्मीकि ने बताया कि विवाद उनके चाचा की तेरहवीं के खर्च को लेकर शुरू हुआ। रामेश्वर के अनुसार, उन्होंने कार्यक्रम के लिए 20 हजार रुपये दिए थे, लेकिन उनके भाई गोपाल और अन्य रिश्तेदारों द्वारा और रुपयों की मांग की जा रही थी। मना करने पर पहले सनोरा गांव में विवाद हुआ, जिसकी रिपोर्ट आंगई थाने में दर्ज कराई गई थी।

अस्पताल के बाहर दोबारा हमला

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जब वे अस्पताल के पास थे, तभी आरोपी गोपाल अपने गामरी गांव के रिश्तेदारों के साथ वहां आ पहुंचा। आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू की और विरोध करने पर बेल्ट, लाठी-डंडों व पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में रामेश्वर और उनका बेटा सुनील घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर सरेआम चले पत्थर और लाठियों के कारण राहगीरों में डर का माहौल पैदा हो गया।

पुलिस की कार्रवाई

सूचना मिलते ही बाड़ी कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एक पक्ष की ओर से मामला दर्ज कर लिया गया है और वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Tags:    

Similar News